लखनऊ में भाजपा की शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर अहम बैठक, बूथ प्रबंधन पर जोर
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री श्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह ने शनिवार को राजधानी लखनऊ में अवध क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारियों एवं प्रमुख नेताओं के साथ शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद निर्वाचन की तैयारियों को लेकर बैठक की। बैठक में चुनाव की रणनीति, मतदाता संपर्क, बूथ एवं पोलिंग सेंटर प्रबंधन तथा मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में आगामी शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव में संगठन की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए बूथ स्तर तक प्रभावी चुनाव प्रबंधन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। प्रदेश अध्यक्ष श्री पंकज चौधरी ने कहा कि शिक्षक और स्नातक विधान परिषद चुनाव केवल एक चुनावी प्रक्रिया नहीं है, बल्कि प्रदेश के शिक्षित, बुद्धिजीवी और स्नातक मतदाताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी के निरंतर संपर्क एवं संवाद को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि अब चुनाव की अंतिम मोर्चेबंदी का समय है और प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी ताकत के साथ चुनावी तैयारियों में जुटना होगा।
हर योग्य मतदाता तक व्यक्तिगत संपर्क का आह्वान
उन्होंने कहा कि नामांकन से ठीक एक दिन पहले तक मतदाता फॉर्म जमा कराए जा सकते हैं। जिन कार्यकर्ताओं के पास भरे हुए फॉर्म उपलब्ध हैं, उन्हें तत्काल जमा कराया जाए।उन्होंने कहा कि अब आवश्यकता प्रत्येक मतदाता तक व्यक्तिगत रूप से पहुंचने, उससे संवाद करने और मतदान के दिन उसका मतदान सुनिश्चित कराने की है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षक और स्नातक मतदाताओं के बीच यह धारणा रहती है कि मतदान के दिन बड़ी संख्या में लोग मतदान केंद्र तक नहीं पहुंचते। इस बार संगठन को अपने संपर्क और संवाद के माध्यम से इस प्रवृत्ति को बदलना होगा। कोई भी योग्य शिक्षक अथवा स्नातक मतदाता संपर्क से छूटना नहीं चाहिए। प्रत्येक कार्यकर्ता इसे अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी समझकर कार्य करे।
शिक्षण संस्थानों में संवाद और सम्मेलन पर जोर
उन्होंने कहा कि सामान्य चुनावों की तरह शिक्षक एवं स्नातक चुनाव में भी पन्ना प्रमुख व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू किया जाए। प्रत्येक पन्ने के मतदाताओं को चिन्हित किया जाए, उनसे नियमित संपर्क हो और मतदान के दिन उन्हें मतदान केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। चौधरी ने कहा कि शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों के साथ बैठकें आयोजित करने के साथ विधानसभा स्तर पर शिक्षक एवं स्नातक सम्मेलन भी तत्काल प्रारंभ किए जाएं।
उन्होंने कहा कि जनसंपर्क के दौरान प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार की उपलब्धियों से संबंधित सामग्री मतदाताओं तक पहुंचाई जाए। साथ ही मतदाताओं को बैलेट पेपर पर मतदान की सही प्रक्रिया की जानकारी दी जाए, ताकि तकनीकी अथवा प्रक्रिया संबंधी त्रुटि के कारण कोई मत निरस्त न हो।
जिलों में चुनाव कार्यालय और कॉल सेंटर होंगे सक्रिय
प्रदेश अध्यक्ष ने प्रत्येक जिले में चुनाव कार्यालय स्थापित करने तथा कॉल सेंटर को सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नामांकन के दिन पार्टी की पूरी ताकत प्रत्याशी के साथ दिखाई देनी चाहिए। मतदान के दिन मतदाताओं के लिए आवश्यक सहायता केंद्र, जलपान एवं अन्य व्यवस्थाएं भी व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित की जाएं।
पंकज चौधरी ने कहा कि शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भी संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण अभ्यास है। इस चुनाव में संगठन की सक्रियता, संपर्क क्षमता और बूथ प्रबंधन की प्रभावशीलता के साथ बूथ जीता चुनाव जीता के मंत्र के साथ प्रत्येक कार्यकर्ता को कार्य करना होगा।
सीधे मतदाता संपर्क को सफलता की कुंजी बताया
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव भी लोकसभा और विधानसभा चुनावों की तरह पूरी तैयारी, अनुशासन और सुदृढ़ संगठनात्मक रणनीति के साथ लड़ेगी। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में सफलता के लिए सबसे महत्वपूर्ण है कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता मतदाता से सीधे संपर्क और संवाद स्थापित करे तथा मतदान के दिन उसके मतदान को सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी निभाए।
उन्होंने कहा कि चुनाव का क्षेत्र व्यापक है और समय सीमित है। इसलिए अब चुनावी तैयारियों में गति के साथ-साथ कार्यों की नियमित समीक्षा भी आवश्यक है। प्रत्येक जिले, विधानसभा, मतदान केंद्र और मतदेय स्थल के स्तर पर जिम्मेदारियां स्पष्ट हों तथा उनकी निरंतर निगरानी की जाए।
मतदाता सूची को बताया चुनावी रणनीति का आधार
धर्मपाल सिंह ने कहा कि मतदाता सूची संगठन की चुनावी रणनीति का आधार है। प्रत्येक पन्ने की समीक्षा करते हुए उसमें शामिल मतदाताओं से संपर्क की योजना बनाई जाए। पन्ना प्रमुख केवल नामित कार्यकर्ता न रहे, बल्कि वह अपने पन्ने के प्रत्येक मतदाता से संपर्क, संवाद और मतदान तक की जिम्मेदारी संभाले।
उन्होंने कहा कि चुनावी अभियान को केवल पदाधिकारियों तक सीमित न रखते हुए पार्टी के सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, मोर्चों और कार्यकर्ताओं को इसमें सक्रिय भूमिका निभानी होगी। प्रत्येक मतदान केंद्र पर कार्यकर्ताओं की टीम, मतदाता सूची, संपर्क व्यवस्था और मतदान दिवस की कार्ययोजना पहले से तैयार होनी चाहिए।
क्षेत्रवार तैयारियों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत
प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने निर्देश दिया कि अंतिम मतदाता सूचियां सभी संबंधित कार्यकर्ताओं और मतदान केंद्रों तक समय से पहुंचाई जाएं। मतदाता संपर्क के लिए क्षेत्रवार एवं पन्नावार योजना बनाकर प्रतिदिन की प्रगति की समीक्षा की जाए। शिक्षण संस्थानों और शिक्षक समुदाय से जुड़े प्रमुख लोगों के साथ संवाद बढ़ाया जाए तथा विधानसभा स्तर पर सम्मेलन एवं संपर्क कार्यक्रमों को गति दी जाए।
उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन अपनी सामूहिक शक्ति और कार्यकर्ताओं के परिश्रम के बल पर प्रत्येक चुनाव को जनसंपर्क के व्यापक अभियान में बदलता है। शिक्षक एवं स्नातक चुनाव में भी यही संगठनात्मक शक्ति हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता के साथ चुनावी अभियान में जुटें और प्रत्येक स्तर पर समन्वय बनाकर कार्य करें।
प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल ने कहा कि शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव की दृष्टि से अब संगठन के सामने अंतिम और महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने कहा कि नामांकन से लेकर मतदान तक प्रत्येक कार्यकर्ता को चुनाव से जुड़ी व्यवस्थाओं पर अभी से ध्यान देना होगा, ताकि मतदाता को किसी प्रकार की असुविधा न हो और अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में प्रदेश महामंत्री एवं चुनाव प्रभारी संजय राय ने शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव की तैयारियों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने क्षेत्रवार मतदाता संख्या, मतदाता फॉर्म, संपर्क अभियान, मतदान केंद्रों की स्थिति, पन्ना प्रमुख व्यवस्था तथा आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि चुनाव की तैयारियों को अब चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाते हुए प्रत्येक जिले और विधानसभा स्तर पर जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।
अवध क्षेत्र में मतदाता संपर्क अभियान होगा तेज
अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने कहा कि शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव में अवध क्षेत्र का संगठन पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी जिलों में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मतदाता संपर्क अभियान को और व्यापक बनाएंगे। प्रत्येक विधानसभा में शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा मतदान केंद्र स्तर पर टीमों को सक्रिय किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि चुनाव में प्रत्येक मतदाता महत्वपूर्ण है। इसलिए केवल बड़े कार्यक्रमों के भरोसे न रहकर व्यक्तिगत संपर्क को अभियान का आधार बनाया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि पार्टी की केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को लेकर मतदाताओं के बीच जाएं और संगठन की विचारधारा तथा जनसेवा के कार्यों से उन्हें अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि अवध क्षेत्र का संगठन एकजुट होकर बूथ से लेकर मतदाता तक मजबूत संपर्क तंत्र तैयार करेगा और प्रत्येक स्तर पर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।
यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण को बढ़ावा, 10 नए प्रस्तावों को SLEC के लिए मंजूरी