भारतीय जनता पार्टी का नया प्रदेश कार्यालय राजधानी

जियामऊ में 58 हजार वर्गफुट जमीन पर 200 करोड़ में बनेगा भव्य कार्यालय

जियामऊ में 58 हजार वर्गफुट जमीन पर 200 करोड़ में बनेगा भव्य कार्यालय

नये कार्यालय का नक्शा और डिजाइन दिल्ली में हो रही तैयार

लखनऊ। 

भारतीय जनता पार्टी का नया प्रदेश कार्यालय राजधानी लखनऊ में 200 करोड़ की लागत से बनेगा। इसके लिए पार्टी ने जियामऊ क्षेत्र में 58 हजार वर्गफुट जमीन खरीदी है। नए भवन में पाँच मीटिंग हॉल, एक हजार की क्षमता वाला प्रेक्षागृह, गेस्टहाउस और पुस्तकालय भी होगा।

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में विगत दिनों हुई निर्माण समिति की बैठक में बीजेपी प्रदेश के नये कार्यालय भवन की जमीन और निर्माण की योजना पर चर्चा की गई। बैठक में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह सहित निर्माण समिति से जुड़े अन्य पदाधिकारियों भाग लिया था। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नये कार्यालय का नक्शा और डिजाइन दिल्ली से तैयार हो रहा है। पार्टी के केंद्रीय कार्यालय से इसकी स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू होगा। 

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने अनौपचारिक बातचीत में बताया कि पार्टी के नये कार्यालय की योजना अंतिम दौर में है। मुख्यमंत्रीजी के आवास पर वीगत दिनों इसपर चर्चा की गई थी। यूपी में भाजपा प्रदेश कार्यालय के लिए जियामऊ में करीब 58 हजार वर्गफीट जमीन खरीदी गई है।

सूत्रों के मुताबिक बीजेपी के नये कार्यालय में चार से पांच मीटिंग हॉल बनेंगे। साथ ही एक हजार की क्षमता का प्रेक्षागृह, डिजिटल वार रूम, कॉल सेंटर, आईटी सेल, चुनाव प्रबंधन रूम बनेगा। कार्यालय में पुस्तकालय की व्यवस्था के साथ ही गेस्ट हाउस भी होगा। बेसमेंट में रहेगी पार्किंग की सुविधा होगी। पार्टी के प्रदेश कार्यालय की सुरक्षा के खास इंतजाम किए जाएंगे। कार्यालय पूरी तरह सीसीटीवी से आच्छादित होगा ताकि वहां आने जाने वाले हर किसी पर नजर रखी जा सके।  कार्यालय में तकनीक और सुरक्षा का संगम होगा। कार्यालय में प्रवेश से लेकर निकासी तक हर व्यक्ति कैमरे की जद में रहेगा। 

कार्यालय में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन, सभी प्रदेश महामंत्री, प्रदेश उपाध्यक्ष के कक्ष होंगे। प्रदेश मंत्रियों के लिए केबिन बनाई जाएंगी। कार्यालय में प्रदेश भाजपा प्रभारी, प्रदेश चुनाव प्रभारी के कक्ष बनाए जाएंगे।

लखनऊ में हो जाएंगे भाजपा के दो कार्यालय

बीजेपी का नया कार्यालय बन जाने के बाद राज्य के प्रमुख राजनीतिक दलों में बीजेपी का कार्यालय सबसे प्राइम लोकेशन (लोहिया पथ) और सबसे बड़ा होगा। जियामऊ में बीजेपी के नए कार्यालय के बन जाने के बाद भी विधानसभा मार्ग स्थित पार्टी का मौजूदा प्रदेश कार्यालय भी बनेगा। इस तरह से लखनऊ में भाजपा के 2 कार्यालय हो जाएंगे। हाल ही में राज्य संपत्ति विभाग ने कार्यालय के बगल में स्थित एक सरकारी आवास भी बीजेपी को आवंटित किया है। इस कार्यालय को भी आने वाले समय में बड़ा और भव्य बनाने की योजना है।

मालूम हो कि बीजेपी ने पार्टी की बैठकों व अन्य कार्यों के लिए विगत कुछ वर्षों में हर राज्य व जिलों में पार्टी के जिला और प्रदेश कार्यालयों का निर्माण शुरू कराया है। नई दिल्ली में भी दीनदयाल मार्ग पर भाजपा का भव्य राष्ट्रीय कार्यालय भी स्थापित हो चुका है। यूपी में भी भाजपा के 98 संगठनात्मक जिलों में से अब तक 90 कार्यालय बनाए जा चुके हैं। झांसी, उरई और चित्रकूट में कार्यालयों का निर्माण चल रहा है। वहीं, गाजियाबाद और मऊ में जिला कार्यालय और गोरखपुर में क्षेत्रीय कार्यालय के लिए जमीन की तलाश की जा रही है।

इसे पढ़ेंः

मोटापा कम करने के लिए आहार और लंबी अवधि का उपचार जरूरी

https://www.primenewsnetwork.in/india/right-diet-is-key-to-weight-loss/99587