भोपाल में AI से बनी अश्लील तस्वीरों से ब्लैकमेलिंग, 11वीं की छात्रा ने की आत्महत्या
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी के ऐशबाग इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक 17 वर्षीय छात्रा ने मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।
यह है पूरा मामला
परिजनों के अनुसार, उनकी बेटी पिछले कुछ समय से काफी परेशान थी। आरोप है कि क्षेत्र के ही दो युवक उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। आरोपियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का गलत इस्तेमाल कर छात्रा की मर्फ़्ड तस्वीरें तैयार की थीं। आरोपी इन फर्जी तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहे थे। छात्रा को डराया जा रहा था कि अगर उसने उनकी बात नहीं मानी, तो ये तस्वीरें उसके दोस्तों और रिश्तेदारों को भेज दी जाएंगी।
परिजनों का फूटा गुस्सा
छात्रा की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय निवासियों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। बड़ी संख्या में लोगों ने ऐशबाग थाने का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि दोनों आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। मामले की निष्पक्ष जांच हो और आरोपियों पर सख्त से सख्त धाराओं में केस दर्ज किया जाए।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, कार्रवाई जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि वे उन डिजिटल सबूतों और मोबाइल फोन्स की जांच कर रहे हैं जिनका इस्तेमाल छात्रा को डराने के लिए किया गया था। कोई भी व्यक्ति मानसिक तनाव या ब्लैकमेलिंग जैसी स्थिति का सामना कर रहा है तो कृपया तुरंत पुलिस की साइबर सेल या चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) से संपर्क करें। आत्महत्या किसी भी समस्या का समाधान नहीं है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/cji-surya-kant-raises-concern-over-fake-law-degrees/205236