जमुई में शादी से पहले एक घर में नकाबपोश बदमाशों ने

जमुई में शादी से पहले खूनी हमला: नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर की मारपीट

Bloody Attack in Jamui Ahead of Wedding

जमुई,(बिहार)। झाझा थाना क्षेत्र के दादपुर गांव में रविवार रात शादी की तैयारियों के बीच एक परिवार पर नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ बेरहमी से मारपीट की, फायरिंग की और शादी के लिए रखे जेवरात लूटकर फरार हो गए। घटना में गंभीर रूप से घायल 35 वर्षीय बेबी देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हैं।

घायलों को भेजा गया झाझा रेफरल अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को झाझा रेफरल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद बेबी देवी, सुहागा देवी, काजल कुमारी, कोमल कुमारी और सुबोध कुमार को सदर अस्पताल, जमुई रेफर किया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए सभी को पटना भेजा गया, लेकिन रास्ते में बेबी देवी ने दम तोड़ दिया। परिजनों के अनुसार दिनेश यादव की बेटी काजल कुमारी की शादी 1 जुलाई को होनी है। दिनेश यादव ने बताया, कि वह शादी की खरीदारी के लिए झाझा बाजार गए थे। इसी दौरान परिवार के सदस्य घर की छत पर सो रहे थे। 

सभी आरोपी बाइक से फरार

घायल उमेश कुमार यादव ने बताया, कि रात में दिनेश यादव के बड़े भाई वासुदेव यादव ने घर का दरवाजा खोला, जिसके बाद करीब एक दर्जन नकाबपोश बदमाश तलवार, टांगी और अन्य हथियारों के साथ घर में घुस आए और हमला कर दिया। सभी बदमाश काले कपड़े पहने हुए थे तथा घर से करीब 200 मीटर दूर अपनी बाइक खड़ी कर रखी थी। घायल काजल कुमारी ने कहा, कि मारपीट के दौरान बदमाशों ने दो से तीन राउंड फायरिंग भी की। एक गोली उसकी मां सुहागा देवी के पैर में लगी। बदमाशों ने परिवार के लोगों के मोबाइल छीन लिए और घर में रखे बक्से से शादी के लिए रखे जेवरात लूटकर फरार हो गए। गोलीबारी और चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण व रिश्तेदार मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी आरोपी बाइक से भाग चुके थे। 

जमीन बंटवारे के विवाद को लेकर घटना को अंजाम

परिजनों ने कहा, कि दिनेश यादव, वासुदेव यादव और उमेश यादव आपस में भाई हैं तथा जमीन बंटवारे के विवाद को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया। उनका आरोप है, कि वासुदेव यादव ने अपने रिश्तेदारों और अन्य बदमाशों के साथ मिलकर हमले की साजिश रची। परिजनों का दावा है, कि उन्होंने वासुदेव यादव, सुभाष यादव, मनोज यादव समेत कई लोगों की पहचान कर ली है। उनके अनुसार वासुदेव यादव वर्तमान में योगियाटीला गांव में रहता है और घटना से पहले पांच दिनों से दादपुर में ठहरा हुआ था। 

अस्पताल में घायलों और परिजनों से पूछताछ

घटना की सूचना पर झाझा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई दीपक कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घायलों और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है तथा नामजद और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। 

यह भी पढ़ेंः 17 साल बाद भी लापता नेता का कोई सुराग नहीं, BNM ने मानवाधिकार उल्लंघन पर उठाए सवाल