कालकाजी में महिला और दो बेटों का फांसी के फंदे पर लटका मिला शव, मामले की जांच में जुटी पुलिस
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी इलाके में एक महिला और उसके दो बेटों के आत्महत्या कर लेने से इलाके में सनसनी फैल गई। तीनों के शव उनके घर के अंदर पंखे से लटका मिला। शुरुआती जांच में आर्थिक परेशानियों और पारिवारिक तनाव की बात सामने आ रही है।
मानसिक दबाव और खराब आर्थिक स्थिति में था परिवार
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची कालकाजी थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है। कमरे से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें मृत परिवार ने मानसिक दबाव और खराब आर्थिक स्थिति का जिक्र किया है।
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान 52 वर्षीय अनुराधा कपूर और उनके दो बेटों - 32 वर्षीय आशीष कपूर और 27 वर्षीय चैतन्य कपूर के रूप में हुई है। परिवार कालकाजी के जी ब्लॉक स्थित मकान नंबर बी-70 में रह रहा था।
परिवार को नोटिस देने घर पहुंचा था पुलिसकर्मी
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे एक पुलिसकर्मी कोर्ट का नोटिस देने घर पहुंचा था। उसके कई बार दरवाजा खटखटाने और डोरबेल बजाने के बावजूद जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तब उसने मामले की सूचना थाने को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस की जांच के दौरान घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। चाबी बनाने वाले की मदद से जब दरवाजा खोला गया, तो अंदर तीनों को फांसी के फंदे से लटका पाया गया। पुलिस ने उन्हें तुरंत नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
पड़ोस में रहने वाले एक एक व्यक्ति से चल रहा था विवाद
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि परिवार जिस मकान में रह रहा था, उसे लेकर पड़ोस के एक व्यक्ति से कानूनी विवाद चल रहा था। कोर्ट के फैसले के बाद मकान खाली करने का आदेश दिया गया था। सूत्रों के मुताबिक, उसी आदेश से जुड़ा नोटिस देने पुलिसकर्मी घर पहुंचा था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/kolhapuri-chappal-gets-a-new-identity-globally/101085