तमस नदी में मछली पकड़ने गए मछुआरों के जाल में फंसा एक साल की मासूम बच्ची का शव
रीवा (मध्य प्रदेश)। रीवा सीमावर्ती चाकघाट थाना अंतर्गत मलठी टोला स्थित तमस नदी में गुरुवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब नदी में मछली पकड़ने गए मछुआरों के जाल में एक वर्ष की मासूम बच्ची का शव फंसा मिला। जाल भारी होने पर मछुआरों ने जब उसे बाहर निकाला, तो बच्ची का शव देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और मौके पर ग्रामीणों का भारी जमावड़ा लग गया।
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही चाकघाट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मासूम बच्ची की उम्र करीब 1 वर्ष
नदी में मिली मासूम बच्ची की उम्र करीब 1 वर्ष बताई जा रही है। खबर लिखे जाने तक मृतक बच्ची की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों तथा सीमावर्ती इलाकों में हाल ही में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है, ताकि बच्ची और उसके परिजनों के संबंध में कोई सुराग मिल सके।
किसी ने बच्ची को जानबूझकर नदी में फेंका
स्थानीय लोगों और पुलिस की प्राथमिक जांच के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि किसी ने बच्ची को जानबूझकर नदी में फेंका है या साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को तमस नदी के पानी में बहाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों डूबने से मृत्यु या हत्या का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: मशरक में जमीन विवाद और जामुन का पेड़ काटने को लेकर हुई खूनी झड़प, दोनों पक्षों के 12 लोग घायल