शाजापुर में 10 वर्षीय छात्र का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका
शाजापुर,(मध्यप्रदेश )। जिले के कालापीपल थाना क्षेत्र के नांदनी गांव में शुक्रवार सुबह 10 साल के छात्र प्रियांशु मेवाड़ा का शव मिला। शव बिजली कंपनी के पावर ग्रिड के पास एक खंडहर जैसे भवन में मिला है। प्रियांशु गुरुवार शाम से लापता था। पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। मामले में संदेह के आधार पर एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
गुरुवार शाम करीब 5 बजे के बाद से लापता था प्रियांशु
प्रियांशु मेवाड़ा किसान सुरेश मेवाड़ा का पुत्र था। वह गांव के आकाश पब्लिक स्कूल में चौथी क्लास का छात्र था। परिवार में वह दो बहनों का इकलौता भाई था। गुरुवार शाम करीब 5 बजे के बाद प्रियांशु लापता हो गया था। परिजनों की सूचना पर कालापीपल थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर रात करीब 8 बजे से उसकी तलाश शुरू कर दी।घटनास्थल को सुरक्षित किया गया।
हत्या का प्रतीत हो रहा मामला
शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। एफएसएल टीम और पुलिस जांच दल के पहुंचने तक घटनास्थल को सुरक्षित रखते हुए आवाजाही रोक दी गई। कालापीपल थाना प्रभारी रवि भंडारी ने बताया कि एफएसएल और पुलिस टीम घटनास्थल से सबूत जुटा रही है। एसडीओपी शुजालपुर निमिष देशमुख ने कहा कि मामला हत्या का प्रतीत होता है। हिरासत में लिए गए नाबालिग की भूमिका की जांच की जा रही है। हत्या के कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
एक खंडहर जैसे भवन से शव बरामद
गांव की प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था के सामने स्थित बिजली कंपनी के पावर ग्रिड के पास खाली मैदान में बच्चे अक्सर खेलते हैं। प्रियांशु को आखिरी बार इसी इलाके में देखा गया था। शुक्रवार सुबह पुलिस ने इसी क्षेत्र के एक खंडहर जैसे भवन से उसका शव बरामद किया ।
यह भी पढ़ेंः पुरी रथ यात्रा शांतिपूर्ण संपन्न, 8-9 लाख श्रद्धालु हुए शामिल