सुपौल में पेड़ से लटका मिला 22 साल के युवक का शव, दो दिन पहले पड़ोसी से हुई थी मारपीट
सुपौल: सुपौल में सोमवार की सुबह एक युवक का पेड़ से लटका शव मिला। उसके घर से करीब 1 किलोमीटर दूर युवक की बॉडी मिली है। मृतक की पहचान मधुबनी जिले के फुलपरास थाना क्षेत्र के बथनाहा गांव निवासी शिव कुमार मंडल (22) के रूप में हुई है। युवक के गले पर रस्सी के निशान के साथ जख्म के निशान भी पाए गए हैं। बताया जा रहा है कि वह पिछले एक महीने से सुपौल के नदी थाना क्षेत्र स्थित सिसौनी में अपनी बहन के घर रह रहा था।
पेड़ पर लटका मिला युवक का शव
सोमवार सुबह ग्रामीण शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान एक पेड़ पर युवक का शव लटका हुआ देखा। शव देखते ही ग्रामीणों ने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
गले पर रस्सी और चोट के निशान
सूचना मिलने पर नदी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को नीचे उतारकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में युवक के गले पर रस्सी के निशान के साथ चोट के निशान भी मिले हैं। शव के पैर जमीन से सटे होने की बात भी सामने आई है। दो दिन पहले युवक की एक पड़ोसी से मारपीट भी हुई थी। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस घटना के हर पहलू की जांच कर रही है। हालांकि, युवक की मौत हत्या है या आत्महत्या, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। वहीं, इस घटना को लेकर परिजन का कहना है कि पड़ोसियों ने उसकी हत्या कर शव को यहां लटका दिया है।
थानाध्यक्ष बोले- गले पर जख्म के निशान मिले
नदी थाना अध्यक्ष सुमित कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे युवक का शव पेड़ से लटके होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि मृतक के गले पर जख्म के निशान पाए गए हैं। घटना को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। थानाध्यक्ष ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा। पुलिस मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: बहराइच में युवक की मौत पर बवाल, हत्या का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने हाईवे किया जाम