उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के बरौंसा बाजार मे

सुल्तानपुर में 22 वर्षीय नर्स का किराए के कमरे में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

22 वर्षीय नर्स का किराए के कमरे में मिला शव

सुल्तानपुर: जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के बरौंसा बाजार में शनिवार सुबह एक निजी अस्पताल में कार्यरत 22 वर्षीय नर्स का शव संदिग्ध परिस्थितियों में किराए के कमरे में मिला। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और युवती का शव रोशनदान के सहारे कपड़े से लटका हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतरवाया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। 

सुल्तानपुर में निजी अस्पताल की नर्स का कमरे में मिला शव

जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के बेलगरा सारंगपुर निवासी रामस्वरूप सैनी की पुत्री शिल्पा सैनी उर्फ रजनी (22) जेएनएम की पढ़ाई करने के साथ बरौंसा बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में नर्स के रूप में काम करती थी। वह अस्पताल के पास ही किराए के कमरे में रहती थी। शनिवार सुबह शिल्पा अपने कमरे से बाहर नहीं निकली तो बगल के कमरे में रहने वाली दूसरी नर्स ने दरवाजा खटखटाया। काफी देर तक आवाज देने और प्रयास करने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला। दरवाजा अंदर से बंद होने पर दूसरी नर्स ने खिड़की से झांककर देखा तो अंदर शिल्पा का शव रोशनदान के सहारे कपड़े से लटका दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर उसने आसपास के लोगों को जानकारी दी। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।

नर्स की मौत के मामले में पुलिस जांच जारी

सूचना पर बरौंसा चौकी प्रभारी गुलाबचंद्र पाल पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतरवाया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। कोतवाली प्रभारी विवेक कुमार राय ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी ली और आसपास के लोगों से पूछताछ की। युवती की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाली प्रभारी विवेक कुमार राय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।  

ये भी पढ़ें- एनआईए ने किश्तवार आतंकी हमले में दाखिल किया आरोपपत्र, पाकिस्तान से जुड़े साजिश के तार