बरेली: मीरगंज क्षेत्र में रामगंगा नदी में डूबे युवक का शव 30 घंटे बाद बरामद, परिवार में मचा कोहराम
बरेली (उत्तर प्रदेश)। थाना मीरगंज क्षेत्र के कपूरपुर गांव के पास रामगंगा नदी में डूबे युवक का शव करीब 30 घंटे बाद रविवार दोपहर 12 बजे बरामद कर लिया गया। गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दूसरा भाई गहरे पानी में डूबा
जानकारी के अनुसार, कपूरपुर गांव निवासी अंकित सिंह शनिवार सुबह अपने भाई आदेश सिंह के साथ रामगंगा नदी में नहाने गया था। दोनों भाई नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आदेश सिंह को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन अंकित गहरे पानी में समा गया। इसके बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी।
ग्रामीणों और पुलिस ने नदी में युवक की तलाश शुरू की
घटना की सूचना पर ग्रामीणों और पुलिस ने नदी में युवक की तलाश शुरू कराई। शनिवार देर शाम तक तलाश करने के बावजूद अंकित का कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद रविवार सुबह गोताखोरों की मदद से दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया गया। काफी प्रयास के बाद दोपहर करीब 12 बजे अंकित का शव नदी से बरामद कर लिया गया। शव बाहर निकलते ही मौके पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
सीओ ने दी जानकारी
सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 12 बजे रामगंगा नदी से अंकित सिंह का शव बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह भी पढ़ेंः बांदा में आर्थिक तंगी और बेरोजगारी से परेशान 25 वर्षीय युवक ने गले में फंदा लगाकर की आत्महत्या