गणेश विसर्जन के दौरान नदी में डूबे युवक का शव तीसरे दिन बरामद, SDRF ने चलाया सर्च ऑपरेशन
नरसिंहपुर: नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा क्षेत्र में गणेश विसर्जन के दौरान शक्कर नदी में डूबे 22 वर्षीय युवक का शव पुलिस ने बरामद कर लिया है। परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में आगे की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान तीन युवक नदी के गहरे पानी में डूब गए थे, जिसमें दो युवक सकुशल नदी से बाहर निकल आए थे, जबकि शिवम जाटव गहरे पानी में डूबने के बाद लापता हो गया था, जिसकी सूचना परिवार के सदस्यों को एवं पुलिस को मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां ढूंढे जाने के बाद भी युवक का पता नहीं चला था।
नदी में मिला लापता व्यक्ति का शव, SDRF ने किया रेस्क्यू
इसके बाद घटना की सूचना मिलते ही SDRF टीम द्वारा लगातार दो दिन तक नदी में व्यापक रेस्क्यू एवं सर्च ऑपरेशन चलाया गया। आज तीसरे दिन कजरोटा घाट क्षेत्र में चारा कटाई के लिए गए लोगों को नदी में शव दिखाई दिया। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस दी। सूचना मिलते ही डोंगरगांव पुलिस प्रशासन और SDRF टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया। इसके साथ ही स्थानीय एवं परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
SDRF टीम के प्रयासों की सराहना
बताया गया है कि रेस्क्यू अभियान के दौरान SDRF प्रभारी पुष्पेंद्र कौरव, सैनिक तारा सिंह, राजेंद्र, संजय ठाकुर, शुलभ रजक एवं वाहन चालक विनीत ठाकुर सहित टीम के सदस्यों ने लगातार प्रयास किया। दो दिन तक चले सर्च अभियान के बाद तीसरे दिन शव बरामद होने पर SDRF टीम के प्रयासों की स्थानीय लोगों ने सराहना की। कठिन परिस्थितियों में लगातार नदी में तलाश अभियान चलाकर टीम ने मानवीय संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।
ये भी पढ़ें- बहू से छेड़खानी और मारपीट के आरोप में 65 वर्षीय ससुर गिरफ्तार