गोमिया में 30 हाथियों के झुंड में से 3 गर्भवती हथनियों ने बढ़ाई चिंता, वन विभाग ने जारी किया हाई अलर्ट
बोकारो (झारखंड)। जिले के गोमिया क्षेत्र में हाथियों के बड़े झुंड ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने कई गांवों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। इसके साथ ही विभाग ने चेतावनी दी है कि हाथियों को परेशान करने या नियमों का उल्लंघन करने वालों पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गर्भवती हथनियों के कारण बढ़ी चिंता
करीब 30 हाथियों का दल कई गांवों के आसपास डेरा डाले हुए है। झुंड में 2 से 3 गर्भवती हथनियां शामिल हैं, जिसके कारण हाथियों के लंबे समय तक इलाके में रुकने और अधिक आक्रामक होने की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग ने कई गांवों में हाई अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
हाथियों के अधिक आक्रामक होने की संभावना
गोमिया के गोपो, पालू, बड़की पुन्नू और कुसुमडीह-कानीडीह क्षेत्र के आसपास करीब 30 हाथियों का झुंड मौजूद है। वन विभाग के अनुसार झुंड में गर्भवती हथनियां होने के कारण उनकी गति धीमी है और वे लंबे समय तक इसी क्षेत्र में रह सकते हैं। ऐसे समय में हाथियों के अधिक आक्रामक होने की संभावना रहती है।
विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए
महुआटांड़, धवईया, सिमराबेड़ा, दरहाबेड़ा, कुसुमडीह, कानीडीह, गागा, टिकाहारा, फुटकाडीह और कंडेर गांवों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों से रात में घरों से बाहर नहीं निकलने, हाथियों के पास जाकर फोटो या सेल्फी नहीं लेने और उन्हें भगाने के लिए शोर-शराबा या ट्रैक्टर का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की गई है।
QRT टीम तैनात, सख्त कार्रवाई की चेतावनी
वन विभाग ने इलाके में दो क्विक रिस्पॉन्स टीम यानी QRT तैनात कर दी हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि हाथियों को परेशान करने या नियमों का उल्लंघन करने वालों पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः हिमाचल हाईकोर्ट का बड़ा एक्शन: कसोल रेव पार्टी मामले में DC, SP और SDM के तबादले के आदेश, SIT जांच होगी