कांग्रेस अध्यक्ष के घर के पास बम धमाका, सरकार पर पक्षपात का लगाया आरोप
इम्फाल: मणिपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को थौबल जिले में कांग्रेस अध्यक्ष केशम मेघचंद्र के निजी आवास पर हुए कथित बम हमले की कड़ी निंदा की और इस घटना को लोकतांत्रिक मानदंडों और राजनीतिक प्रक्रिया पर हमला बताया। गुरुवार को रात करीब 8:15 बजे याइरीपोक के बिष्णुनाहा स्थित प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशम मेघचंद्र सिंह के आवास के पास बम विस्फोट हुआ।
कांग्रेस ने बम विस्फोट की निंदा की
कांग्रेस भवन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए एमपीसीसी उपाध्यक्ष हरेश्वर गोस्वामी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस विस्फोट को गंभीरता से लेती है और मानती है कि राजनीतिक मतभेदों का समाधान संवाद और शांतिपूर्ण तरीकों से होना चाहिए। हमले की निंदा करते हुए गोस्वामी ने कहा, अगर मतभेद हैं, तो उन्हें बातचीत और अन्य शांतिपूर्ण तरीकों से सुलझाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह बम विस्फोट केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं है, बल्कि कांग्रेस पार्टी और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भी हमला है।
हमले की जिम्मेदारी अब तक किसी ने नहीं ली
गोस्वामी के अनुसार, अभी तक किसी भी व्यक्ति या संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। उन्होंने कहा कि अगर यह घटना किसी मान्यता प्राप्त भूमिगत संगठन द्वारा अंजाम दी गई है, तो उस समूह को सामने आकर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। गोस्वामी ने यह भी संकेत दिया कि यह हमला कथित तौर पर दूसरों के उकसावे पर काम करने वाले व्यक्तियों द्वारा किया गया हो सकता है। अपने आवास पर हुए एक पिछले हमले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस घटना की भी जिम्मेदारी किसी संगठन ने नहीं ली थी और मामला बिना किसी खास प्रगति के लंबित है।
कांग्रेस ने राज्य सरकार पर पक्षपात का लगाया आरोप
उपाध्यक्ष ने राज्य सरकार पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया, खासकर कांग्रेस पार्टी के प्रति। उन्होंने आरोप लगाया कि एमपीसीसी कार्यालय के आसपास कई हमले हुए हैं और विभिन्न घटनाओं के सिलसिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस हिरासत में लिया गया है, जबकि पार्टी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों पर कोई उचित कार्रवाई नहीं की गई है। गोस्वामी ने कहा, हमारे पास इन सभी घटनाओं का रिकॉर्ड है।
कांग्रेस ने हिंसा की निंदा कर शांतिपूर्ण समाधान की अपील की
इसके साथ ही आरोप लगाया कि मौजूदा भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार कांग्रेस पार्टी के प्रति विशेष रूप से पक्षपातपूर्ण रही है। उन्होंने दोहराया कि लोकतांत्रिक समाज में हिंसा और धमकी का कोई स्थान नहीं है और राजनीतिक विवादों को संवाद, संवैधानिक प्रक्रियाओं और शांतिपूर्ण तरीकों से हल करने का आह्वान किया। इसी बीच, याइरिपोक बिष्णुनाहा में बड़ी संख्या में लोग मेघचंद्र के आवास पर कथित बम हमले के विरोध में सड़कों पर उतर आए और धरना प्रदर्शन किया।
(इनपुट: ANI)
ये भी पढ़ें- योगी सरकार ने बनाया रिकॉर्ड, एक दिन में 35.27 करोड़ से अधिक किया पौधे रोपण