नाबालिग से दुष्कर्म के दोनों आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
बांदा (उत्तर प्रदेश)। नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में बांदा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दोनों आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक आरोपी एजाज के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि कार्रवाई के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
ई-रिक्शा चालक ने बालिका का किया अपहरण
पुलिस के अनुसार बीती 24 जुलाई को थाना मरका क्षेत्र की एक नाबालिग बालिका अपने ननिहाल जाने के लिए घर से निकली थी। देर रात बांदा पहुंचने पर वह नरैनी जाने के लिए एक ई-रिक्शा में बैठी। आरोप है कि ई-रिक्शा चालक नरेश ने अपने साथी एजाज के साथ मिलकर बालिका का अपहरण किया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल पीड़िता को सकुशल बरामद कर मेडिकल परीक्षण कराया। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में थाना कोतवाली नगर, थाना मरका और एसओजी की संयुक्त टीमों का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और ई-रिक्शा के सत्यापन के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की गई।
पुलिस के घेराबंदी से आरोपियों किया भागने का प्रयास
रविवार को पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपियों ने बचने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार हुई मुठभेड़ में एजाज के बाएं पैर में गोली लगी और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि आरोपी एजाज के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है। फिलहाल पुलिस मामले के अन्य साक्ष्य जुटाने और आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: बांदा में मंदिर दर्शन के दौरान युवक की मौत, अचानक अचेत होकर गिरा 20 वर्षीय दिनेश