लखनऊ में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पर मंगलवार को आयोजित जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। उपमुख्यमंत्री ने एक-एक फरियादी से मुलाकात कर उनकी समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों से तत्काल संवाद कर पात्रता एवं नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश
जनता दर्शन में उपचार, आर्थिक सहायता, पुलिस, राजस्व, पारिवारिक एवं प्रशासनिक मामलों से जुड़ी विभिन्न समस्याएं लेकर लोग पहुंचे। उपमुख्यमंत्री ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि जरूरतमंदों को नियमानुसार शीघ्र राहत उपलब्ध कराई जाए और जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब न हो।
समस्या का समाधान हमारी प्राथमिकता
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। जनता दर्शन का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान की दिशा में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का नियमित अनुश्रवण किया जाए और प्रत्येक प्रकरण की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्धारित समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जनसमस्याओं के निस्तारण में जवाबदेही पर जोर
उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोपरि है। प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता से सुनी जाए और पात्रता के आधार पर नियमानुसार हरसंभव सहायता एवं समाधान उपलब्ध कराया जाए। सरकार का प्रयास है कि जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े और शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली में आमजन का विश्वास और मजबूत हो।
यह भी पढ़ें: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-26 में यूपी पुलिस के स्टॉल को लगातार तीसरी बार मिला बेस्ट डिस्प्ले अवार्ड