'सत्ता की भूख में सो नहीं पा रही कांग्रेस', ब्रजेश पाठक का तीखा हमला; अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि पार्टी देश के अधिकांश हिस्सों में अपने वजूद के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ चल रहे प्रदर्शनों और 'सत्ता परिवर्तन' वाले बयानों पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के रुख का पुरजोर समर्थन किया है।
कांग्रेस पर राष्ट्रविरोधी ताकतों के साथ खड़े होने का आरोप
लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी केवल सत्ता की चाहत में अंधी हो चुकी है। पाठक ने कहा, "कांग्रेस पार्टी अच्छी तरह जानती है कि उत्तर प्रदेश में उसका कोई राजनीतिक आधार नहीं बचा है। तुष्टीकरण की राजनीति को एक तरफ रख दें, तो देश के ज्यादातर हिस्सों में कांग्रेस सिर्फ अपने अस्तित्व के लिए लड़ रही है और जिस तरह से वे राष्ट्र-विरोधी तत्वों के साथ मिलकर प्रदर्शन कर रहे हैं, वह जगजाहिर है।" उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भीतर की कलह का मुख्य कारण उसकी सत्ता की अनियंत्रित भूख है।
'कानून-व्यवस्था और शांति चाहती है जनता'
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयानों का समर्थन करते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि देश की आम जनता अमन-चैन और स्थिरता चाहती है। उन्होंने कहा, "रक्षा मंत्री ने जो कहा है, वह इस देश के शांतिप्रिय नागरिकों की भावना है—यानी देश में कानून-व्यवस्था और शांति बनी रहे।" इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारत ने अपनी अर्थव्यवस्था को और अधिक मजबूत किया है, जबकि कांग्रेस की पूर्ववर्ती नीतियों ने हमेशा देश को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने 1975 की इमरजेंसी का जिक्र करते हुए इसे कांग्रेस का 'संविधान-विरोधी' कदम करार दिया।
अखिलेश यादव पर तंज: 'फैमिली प्राइवेट लिमिटेड कंपनी'
सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि उन्हें दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले अपने घर की फिक्र करनी चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "अखिलेश यादव जी से कहिए कि वे अपनी चिंता करें। उनके अपने ही इंजन आपस में टकराते रहते हैं। अखिलेश यादव जी एक 'फैमिली प्राइवेट लिमिटेड कंपनी' चलाते हैं, वे राजनीतिक शासन और लोकतांत्रिक व्यवस्था को क्या समझेंगे।"
'बांग्लादेश तर्ज' पर सियासत गरमाई
डिप्टी सीएम की यह तीखी टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे विरोध-प्रदर्शनों को 'सत्ता परिवर्तन' (Regime Change) से जोड़ने वाले बयानों पर बीजेपी और कांग्रेस के बीच घमासान मचा है। इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आरोप लगाया था कि कुछ लोग देश के युवाओं को मोहरा बनाकर बांग्लादेश की तर्ज पर भारत में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। यह विवाद वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण द्वारा इसे "सत्ता परिवर्तन की लड़ाई" बताए जाने के बाद और गहरा गया है। (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: लखनऊ में शैक्षिक संगोष्ठी में बोले डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, शिक्षक हैं राष्ट्र के भविष्य के शिल्पकार