शादी के दो माह बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थि

शादी के दो माह बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, हत्या का आरोप

Married Two Months, Woman Found Dead

औरंगाबाद {बिहार}। शादी के दो माह बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना खुदवां थाना क्षेत्र के चातर गांव की है। पुलिस इसे संदिग्ध मौत मान रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका की सास को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सास के अलावा परिवार के अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, 12 जून 2026 को श्रद्धा की शादी चातर गांव निवासी राजू कुमार के साथ हुई थी। राजू ट्रैक्टर चालक है। बताया जा रहा है कि घरेलू विवाद के बाद श्रद्धा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत की वजह का खुलासा

मायके पक्ष का कहना है कि श्रद्धा ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। परिजनों का आरोप है कि घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। खुदवां थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर चलेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। परिजनों से आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़े: 'मैं कलेक्ट्रेट स्टाफ हूं' कहकर युवक से 5.32 लाख ठगे, लाइसेंस और हथियार दिलाने का किया वादा; पीड़ित ने SP से लगाई गुहार