बलिया-सिवान को जोड़ने के लिए सरयू पर पुल बनेगा, दोनों तरफ के लोगों को यातायात में सुविधा होगी
Ballia : बलिया जनपद को सिवान से जोड़ने के लिए सरयू नदी पर पक्का पुल बनेगा। यह पुल राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 31 को राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 531 से जोड़ेगा। पुल बनने के बाद बलिया और सिवान के बीच सीधा सड़क संपर्क स्थापित हो जाएगा। इससे दोनों तरफ के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा होगी। भारतीय किसान मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के में यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस पुल के निर्माण के लिए उन्होंने पहले ही भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेजकर आग्रह किया था। पूर्व सांसद ने बताया कि शुक्रवार को उनकी नितिन गडकरी से फोन पर बात भी हुई। मंत्री ने सरयू नदी पर पक्का पुल निर्माण के प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति जताते हुए बताया कि इसकी मंजूरी दे दी गई है। इसके साथ ही सर्वेक्षण और डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
वीरेंद्र सिंह मस्त ने बताया कि बकुलहा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे की खाली पड़ी सैकड़ों एकड़ भूमि के उपयोग का प्रस्ताव उन्होंने सांसद रहते हुए दिया था, जो अभी रेल मंत्रालय के विचाराधीन है। इस विषय पर उनकी रेल मंत्री से भी बातचीत हुई है, जिन्होंने शीघ्र मंजूरी देने का भरोसा दिया है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/major-changes-in-the-national-pension-system-and-unified-pension-scheme/95483