पेंड्रा-रतनपुर मुख्य मार्ग पर कोयला लोड ट्रेलर के

पेंड्रा-रतनपुर मार्ग पर खराब ट्रेलर से 10 किलोमीटर लंबा जाम, यात्री परेशान

Broken-down coal trailer causes 10-km traffic jam on Pendra-Ratanpur road

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही,(छत्तीसगढ़)। पेंड्रा-रतनपुर मुख्य मार्ग पर जोड़ा तालाब गांव के पास देर रात एक कोयला लोड ट्रेलर के खराब हो जाने से करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है। सड़क के बीचोंबीच ट्रेलर के खड़े हो जाने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और सोमवार सुबह तक यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

अचानक डीजल सप्लाई बंद होने के कारण हुआ ब्रेकडाउन

वाहन चालकों ने बताया कि, रायपुर की ओर जा रहा ट्रेलर अचानक डीजल सप्लाई बंद होने के कारण ब्रेकडाउन हो गया। चालक ने वाहन को सड़क से हटाने का प्रयास किया, लेकिन तकनीकी खराबी के चलते ट्रेलर बीच सड़क पर ही खड़ा रह गया। इसके चलते रात करीब 12 बजे से ही मार्ग पर भारी वाहनों समेत अन्य वाहनों की लंबी कतार लग गई।

वाहन चालकों को करना पड़ा भारी परेशानी का सामना

जाम में ट्रक और ट्रेलर चालकों को पूरी रात सड़क पर ही इंतजार करना पड़ा। वहीं रुक रुक कर बारिश के बीच यात्रियों और अन्य वाहन चालकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे।

जाम हटाने का प्रयास जारी

घटना की सूचना मिलते ही जीपीएम यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सुचारु कराने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करते हुए खराब ट्रेलर को मिस्त्री से मरम्मत कराकर सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की। समाचार लिखे जाने तक जाम हटाने का प्रयास जारी था।

यह भी पढ़ेंः अमेठी में सोने-चांदी के दाम स्थिर, शादी के सीजन में बाजार में रौनक