डिंडौरी में किसान गंगाराम की भैंस दुर्गा ने आठ पैर

डिंडौरी में भैंस ने आठ पैर वाले बछड़े को दिया जन्म, देखने उमड़ी लोगों की भीड़

डिंडौरी में भैंस ने आठ पैर वाले बछड़े को दिया जन्म

डिंडौरी: जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक भैंस ने आठ पैर वाले बछड़े को जन्म दिया है। इस अनोखे बछड़े के जन्म की खबर जैसे ही आसपास के गांवों में पहुंची, उसे देखने के लिए दूर-दराज से लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। शारदीय नवरात्र से ठीक एक दिन पहले हुई इस घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हैं। वहीं, कुछ ग्रामीण इसे देवी का चमत्कार मान रहे हैं। 

आठ पैर वाले बछड़े को देखने उमड़ी लोगों की भीड़

जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम कछरा टोला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां किसान गंगाराम के घर उस समय लोगों की भीड़ जुटने लगी, जब उनकी भैंस ने आठ पैर वाले बछड़े को जन्म दिया। किसान गंगाराम के मुताबिक, उनके घर में एक भैंस है, जिसका नाम परिवार के सदस्यों ने प्यार से दुर्गा रखा है। इसी भैंस ने शारदीय नवरात्र शुरू होने से एक दिन पहले आठ पैर वाले बछड़े को जन्म दिया। बछड़े के जन्म की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्रों से लोग उसे देखने के लिए कछरा टोला पहुंचने लगे।

विशेषज्ञ की राय का इंतजार

किसान परिवार अपनी भैंस दुर्गा की देखभाल परिवार के एक सदस्य की तरह करता है। ऐसे में उसके द्वारा असामान्य बनावट वाले बछड़े को जन्म दिए जाने से परिवार के लोगों में खुशी के साथ हैरानी भी देखने को मिल रही है। वहीं, गांव और आसपास के इलाकों में यह घटना कौतूहल का विषय बनी हुई है। नवरात्र जैसे धार्मिक पर्व से ठीक पहले बछड़े का जन्म होने के कारण कुछ ग्रामीण इसे आस्था से जोड़कर देख रहे हैं और देवी का चमत्कार मान रहे हैं। हालांकि, बछड़े की असामान्य शारीरिक बनावट के पीछे क्या कारण हैं, इसे लेकर किसी विशेषज्ञ की राय सामने आना बाकी है। फिलहाल ग्राम कछरा टोला में आठ पैर वाले इस बछड़े को देखने के लिए लोगों की आवाजाही बनी हुई है। 

ये भी पढ़ें- JNU की छात्राओं से कथित दुर्व्यवहार के आरोपों पर कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन