बूंदी में कोटा ACB ने तालेड़ा पंचायत समिति के JTA

बूंदी में ACB की कार्रवाई, 70 हजार रुपये की रिश्वत लेते तालेड़ा पंचायत समिति का JTA गिरफ्तार

Bundi ACB Arrests Talera Panchayat JTA for Taking Rs 70,000 Bribe

बूंदी (राजस्थान)। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कोटा भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तालेड़ा पंचायत समिति के एक JTA (जूनियर टेक्निकल असिस्टेंट) को 70 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद पंचायत समिति परिसर में हड़कंप मच गया।

निर्माण कार्यों के बिल पास करने के बदले JTA मांग रहा था कमीशन

जानकारी के अनुसार कोटा एसीबी को शिकायत मिली थी कि तालेड़ा पंचायत समिति में कार्यरत JTA निर्माण कार्यों के बिल पास करने के एवज में कमीशन मांग रहा है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके द्वारा कराए गए करीब 10 लाख रुपये के निर्माण कार्यों के बिल भुगतान के बदले JTA खुद और AEN (सहायक अभियंता) के नाम पर रिश्वत की मांग कर रहा था।

10 लाख के बिल पास करने के लिए 70 हजार की रिश्वत मांगी

परिवादी ने बताया कि आरोपी JTA ने 10 लाख रुपये के बिलों को पास करने के लिए 70 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। इसके अलावा पुराने बिलों को पास करने के लिए अलग से 10 हजार रुपये और मांगे जा रहे थे। लगातार रिश्वत की मांग से परेशान होकर परिवादी ने कोटा एसीबी में शिकायत दर्ज कराई, जिसकी गोपनीय जांच के बाद शिकायत सही पाई गई।

शिकायत सही मिलने पर ACB ने बिछाया जाल

इसके बाद एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया और बुधवार को ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई। परिवादी को 70 हजार रुपये देकर पंचायत समिति भेजा गया। जैसे ही JTA ने रिश्वत की राशि ली, वैसे ही पहले से घात लगाए बैठी एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। एसीबी ने रिश्वत की राशि के साथ ही आरोपी को हिरासत में ले लिया।

आरोपी के घर पर तलाशी

गिरफ्तारी के बाद एसीबी टीम ने आरोपी JTA को कोटा ले जाकर पूछताछ शुरू की। साथ ही आरोपी के तालेड़ा स्थित घर पर भी तलाशी अभियान चलाया गया। टीम उसके बैंक खातों, चल-अचल संपत्ति के दस्तावेजों और अन्य लेनदेन की जांच में जुटी है। एसीबी यह भी जांच कर रही है कि इसमें AEN की भूमिका क्या है और क्या यह कमीशन का पैसा ऊपर तक जाता था। एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे कल कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद जिले के अन्य विभागों में भी भ्रष्ट कर्मचारियों में खौफ देखा जा रहा है। 

यह भी पढ़ें:   आजमगढ़ में नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोपी गिरफ्तार, पीलीभीत का रहने वाला है युवक