राजस्थान के बूंदी शहर में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी

बूंदी में फिर चाकूबाजी: गुरुद्वारे के पास युवक पर हमला, शहर में दहशत का माहौल

Bundi Witnesses Fresh Stabbing Case

बूंदी {राजस्थान}: राजस्थान के बूंदी शहर में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाओं के बीच गुरुवार को गुरुद्वारे के पास एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में घायल युवक की पहचान फिरोज पुत्र साबिर के रूप में हुई है। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

दो युवकों ने किया हमला

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फिरोज पर दो युवकों ने चाकू से हमला किया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि बूंदी शहर में तीन दिनों के भीतर यह दूसरी चाकूबाजी की घटना है। इससे पहले नैनवां रोड पर सिगरेट उधार नहीं देने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला किया गया था। उस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली थी।

शहर में बढ़ी दहशत, पुलिस ने बढ़ाई गश्त

लगातार हो रही चाकूबाजी की घटनाओं से शहरवासियों में दहशत का माहौल है। लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। साथ ही असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

यह भी पढ़े: मुंगेर में 10वीं का छात्र रहस्यमय ढंग से लापता, मोबाइल-चप्पल मिलने से बढ़ी आशंका; गंगा में सर्च जारी