बुरहानपुर में जलभराव पर बवाल: कीचड़ में बैठे पार्षद, कमिश्नर बोले- 'शहर में कहीं पानी नहीं भरा'
बुरहानपुर {मध्यप्रदेश}: नगर निगम की कार्यप्रणाली के खिलाफ लोहार मंडी क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों का गुस्सा सड़क पर दिखाई दिया। लंबे समय से जलभराव और गंदगी की समस्या से नाराज़ पार्षदों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क पर नालियों से निकले कीचड़ और गंदगी के बीच बैठकर "जल आंदोलन" किया। इस दौरान महापौर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और उन्हें मौके पर बुलाने की मांग भी उठाई।
आठ महीने से जलभराव से परेशान लोग
बुरहानपुर की लोहार मंडी रोड पर पिछले करीब आठ महीनों से बिना बारिश के भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सड़क पर गंदा पानी जमा रहने से राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कई बार नगर निगम से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
कीचड़ में बैठकर किया 'जल आंदोलन'
नगर निगम की कार्यप्रणाली से नाराज़ क्षेत्र के पार्षद और नगर निगम के डिप्टी स्पीकर फहीम हाशमी अपने साथी पार्षदों के साथ सड़क पर उतर आए। सभी ने नालियों से निकले कीचड़ और गंदगी के बीच बैठकर "जल आंदोलन" शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान महापौर मुर्दाबाद के नारे लगाए गए और महापौर को मौके पर बुलाकर समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की गई।
स्थायी समाधान की मांग पर अड़े पार्षद
प्रदर्शनकारी पार्षदों का कहना है कि जब तक लोहार मंडी क्षेत्र की जलभराव और गंदगी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। वहीं स्थानीय लोगों ने भी इस प्रदर्शन का समर्थन करते हुए नगर निगम से जल्द कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा, "लोहार मंडी क्षेत्र में पिछले आठ महीनों से बिना बारिश के भी जलभराव बना रहता है। हमने कई बार नगर निगम और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। मजबूर होकर हमें सड़क पर उतरकर कीचड़ और गंदगी में बैठकर विरोध करना पड़ा। हमारी मांग है कि महापौर स्वयं मौके पर आएं और इस समस्या का स्थायी समाधान कराएं।"
कमिश्नर के बयान से बढ़ा विवाद
अब देखना होगा कि जनप्रतिनिधियों के इस अनोखे विरोध प्रदर्शन के बाद नगर निगम प्रशासन इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए कितनी जल्दी ठोस कदम उठाता है। वहीं, जब इस संबंध में नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव से चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि शहर में कहीं भी जलभराव की स्थिति नहीं है।
यह भी पढ़े: डोंगरगढ़ के गोल बाजार में भीषण आग, भाटिया किराया भंडार धधका; राजनांदगांव से बुलाई गई अतिरिक्त फायर ब्रिगेड