गढ़ताल नदी में बाढ़ से बसाली, गढ़ताल और सोलाबर्डी

मूसलाधार बारिश से बुरहानपुर बेहाल, उफनती नदी में डूबी पुलिया

Burhanpur Reels Under Heavy Rain, Bridge Submerged by Swollen River

बुरहानपुर,(मध्यप्रदेश)। जिले के धुलकोट क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते बसाली-गढ़ताल नदी उफान पर है। पुलिया के ऊपर से तेज बहाव होने के कारण बसाली, गढ़ताल और सोलाबर्डी गांवों का संपर्क टूट गया। नदी के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि पुलिया के आसपास कोई चेतावनी या साइन बोर्ड नहीं लगाया गया है, जिससे हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है।

आवागमन बंद होने से ग्रामीणों और राहगीरों को करना पड़ा घंटों इंतजार

तेज बारिश के बाद नदी का जलस्तर बढ़ने से पुलिया पूरी तरह पानी में डूब गई। आवागमन बंद होने से ग्रामीणों और राहगीरों को घंटों इंतजार करना पड़ा। कई लोग जान जोखिम में डालकर हालात का जायजा लेते नजर आए, जबकि दोनों ओर वाहन फंसे रहे।

हर बारिश में बनती है यह स्थिति

ग्रामीणों का कहना है, कि हर बारिश में यही स्थिति बनती है। पुलिया पर चेतावनी बोर्ड या बैरिकेडिंग तक नहीं है, जिससे अनजान वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। लोगों ने प्रशासन से स्थायी पुल निर्माण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

डूबी पुलिया या रपटों को पार करने की अपील

कलेक्टर हर्ष सिंह ने लोगों से अपील की है कि पानी से डूबी पुलिया या रपटों को पार करने का प्रयास न करें। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और जलस्तर कम होने के बाद ही सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जाएगा। वहीं ग्रामीण अब स्थायी पुल निर्माण और पुलिया पर चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग कर रहे हैं, ताकि हर मानसून में होने वाली इस परेशानी और संभावित हादसों से बचा जा सके। 

यह भी पढ़ेंः बैंक से 44 हजार निकालते ही महिला बनी चोरों का निशाना