नकेड़िया में जले मानव अवशेष मिलने से सनसनी, लापता युवती से जुड़ने का शक
मंदसौर। जिले के नकेड़िया ग्राम से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ पुलिस को एक स्थान पर मानव शरीर के जले हुए अंश मिले हैं। इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस बारीकी से मामले की जांच में जुट गई है।
यह है पूरा मामला
पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि ग्राम नकेड़िया में किसी अज्ञात स्थान पर एक मानव शरीर को जलाया गया है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच और तलाशी के दौरान वहां से कुछ मानव अवशेष (हड्डियां और राख) बरामद किए गए हैं।
परिवार ने किया लापता बेटी के अवशेष होने का दावा
जैसे ही यह खबर फैली, एक स्थानीय परिवार मौके पर पहुंचा। परिवार का दावा है कि ये अवशेष उनकी बेटी के हैं, जो पिछले 97 दिनों से लापता थी। परिवार ने काफी समय पहले उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था।
पुलिस ने अवशेष को जांच के लिए भेजा
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने अवशेषों को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। इसके साथ अवशेषों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए और परिवार के दावों की पुष्टि हेतु DNA टेस्ट कराया जा सकता है।
पुलिस कर रही संदिग्धों से पूछताछ
पुलिस गांव के संदिग्धों और परिवार के संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या यह हत्या का मामला है। फिलहाल पुलिस ने आधिकारिक तौर पर पहचान की पुष्टि नहीं की है। वैज्ञानिक जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि ये अवशेष उसी लापता युवती के हैं या नहीं।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/main-accused-in-bhopal-tea-trader-murder-held-after-encounter/153889