अंबिकापुर-जरही मार्ग पर बस और ट्रैक्टर की भीषण टक्कर, हादसे में एक व्यक्ति की मौत और तीन घायल
सूरजपुर (छत्तीसगढ़)। अंबिकापुर-जरही मार्ग पर बंशीपुर से बगड़ा जाने वाले मुख्य चौक के पास भोर में भीषण सड़क हादसा हो गया। अंबिकापुर की ओर से आ रही छाबड़ा ट्रेवल्स की बस क्रमांक CG 16 H 0206 ने सामने से आ रहे नीले रंग के यूरो पावरहाउस ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें उपचार के दौरान एक की मौत हो गई।
सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटगांव पहुंचाया
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक प्रदीप सहित दामेश्वर, शिव और वंशधारी गंभीर रूप से घायल हुए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय राहगीरों और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटगांव पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि अंबिकापुर अस्पताल में दाखिले के दौरान शिव ने दम तोड़ दिया। वहीं प्रदीप, दामेश्वर और वंशधारी का उपचार जारी है।
उपचार को लेकर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही
इधर, घायलों को लेकर भटगांव अस्पताल पहुंचे स्थानीय नागरिकों और प्रत्यक्षदर्शियों ने इमरजेंसी व्यवस्था पर सवाल उठाए। लोगों का आरोप है कि गंभीर घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बावजूद तत्काल डॉक्टर अथवा स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं थे। इससे उपचार को लेकर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
सूचना मिलते ही भटगांव पुलिस मौके पर पहुंची
हादसे की सूचना मिलते ही भटगांव पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ेंः रुद्रपुर से लौट रहे युवक की मिलक रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम