वाड्रफनगर में बस और बोलेरो की भीषण टक्कर, एक मजदूर की मौत; दो गंभीर घायल रेफर
बलरामपुर {छत्तीसगढ़}: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बनारस रोड स्थित पुराने नर्सरी के पास मजदूरों से भरी बस और बोलेरो वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
हैदराबाद जा रहे थे मजदूर
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के दुद्धी क्षेत्र से मजदूर बस में सवार होकर तेलंगाना के हैदराबाद जा रहे थे। इसी दौरान वाड्रफनगर के बनारस रोड स्थित पुराने नर्सरी के पास बस और बोलेरो की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
एक मजदूर की मौत, कई घायल
दुर्घटना में मृतक की पहचान सहदेव पिता थुरच, उम्र करीब 50 वर्ष, निवासी मोहली, छत्तीसगढ़ के रूप में बताई जा रही है। वहीं बोलेरो में सवार कई लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। बस में सवार मजदूरों को भी चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से बाहर निकाला और तत्काल वाड्रफनगर सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
देर रात हुए इस भीषण हादसे में बोलेरो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घायलों की स्थिति और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में खुलेगा पहला विदेशी विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा में बनेगा वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी का कैंपस