मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर नेपाली तीर्थयात्

मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर नेपाली तीर्थयात्रियों से भरी निजी बस हुई दुर्घटनाग्रस्त

नेपाली तीर्थयात्रियों से भरी बस हुई दुर्घटनाग्रस्त

मुरादाबाद: मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर देर रात नेपाली तीर्थयात्रियों से भरी एक निजी बस आगे चल रही रोडवेज बस से पीछे से टकरा गई। हादसे के बाद निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी एक कोठरी से जा भिड़ी। भीषण टक्कर में बस चालक समेत 35 से ज्यादा यात्री घायल हो गए।

हादसे के दौरान सो रहे ज्यादातर यात्री

बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में सवार अधिकांश तीर्थयात्री सो रहे थे। अचानक हुई जोरदार टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल, एंबुलेंस और क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कांठ पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल बस चालक और कई तीर्थयात्रियों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।

नवलपरासी और रूपंदेही जिलों के रहने वाले हैं घायल यात्री

घायल यात्रियों के मुताबिक, वे नेपाल के नवलपरासी और रूपंदेही जिलों के रहने वाले हैं। सभी 19 अगस्त को धार्मिक यात्रा पर निकले थे। इस दौरान उन्होंने वैष्णो देवी और महाकालेश्वर के दर्शन किए। इसके बाद वे हरिद्वार से लौट रहे थे। तीर्थयात्रियों का अगला पड़ाव अयोध्या था, जहां उन्हें रामलला के दर्शन करने थे। इसके बाद 3 सितंबर को उन्हें नेपाल वापस लौटना था, लेकिन अयोध्या पहुंचने से पहले ही यह हादसा हो गया।

पुलिस कर रही हादसे की जांच

हादसे में घायल यात्रियों में बस चालक उमेश शुक्ला, रामशरण, जोगेंद्र चौधरी, गणपत, विद्या, रामकिशन यादव, जुगिंद्र चौधरी, विश्वनाथ तेली, कुतारी, चांदमति तेली, सुंदरी यादव, नर्मदा, गैना, प्रभावती, राजू सहानी, अच्छेलाल गुप्ता, शीशकली गुप्ता, इसरावती, बिंदू प्रसाद, दिनेश मिश्रा, अमित, ओमकुमारी, द्रोपदी देवी, जोखूभूत, चंद्रकुमार चौधरी, शोभा महात, आरती केवट, जगदीश प्रसाद केवट, चमेली नेबूलाल और ऋषिराम चौधरी समेत अन्य यात्री शामिल हैं। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। 

ये भी पढ़ें- अखिलेश यादव का सहारनपुर दौरा आज, जानें पूरा मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम