ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर पलटी यात्रियों से भरी बस, एक महिला घायल
टिहरी गढ़वाल (उत्तराखंड)। टिहरी गढ़वाल जिले में रविवार को ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिवपुरी के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। अधिकारियों के मुताबिक इस हादसे में एक महिला यात्री घायल हुई है। टिहरी गढ़वाल के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ब्रिजेश भट्ट ने बताया कि यह दुर्घटना मुनि की रेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शिवपुरी इलाके में हुई।
खिड़की बंद करने की कोशिश में चालक ने खोया नियंत्रण
भट्ट ने बताया कि बस में चालक और परिचालक के अलावे 25 यात्री सवार थे। ये सभी चार धाम यात्रा के तहत बदरीनाथ से दर्शन कर हरिद्वार वापस लौट रहे थे। शुरूआती जानकारी के मुताबिक यात्रा के दौरान चालक की खिड़की अचानक खुल गई थी। उसे बंद करने की कोशिश में चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया। ऐसे में बस अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई।
महिला का सरकारी अस्पताल में उपचार जारी
उन्होंने आगे बताया कि हादसे में घायल महिला की पहचान उत्तर प्रदेश के लखीमपुर निवासी तनु गुप्ता के रूप में हुई है। दुर्घटना के तुरंत बाद 108 एम्बुलेंस से पीड़िता को ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, घायल महिला की हालत अब सामान्य है और बस में सवार अन्य सभी यात्री भी सुरक्षित हैं। फिलहाल महिला का उपचार जारी है। अन्य किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/aaps-sanjay-singh-slams-loot-via-postpaid-smart-meters/203467