नेशनल हाईवे पर दर्दनाक बस हादसा, रेत पर फिसली बस; हिंडालको कर्मचारी की मौत, कई घायल
सिंगरौली {मध्य प्रदेश}: जिले के बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत सीधी-सिंगरौली नेशनल हाईवे पर बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे पर एक नंबर गेट स्थित जायसवाल ढाबा के समीप एक यात्री बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में हिंडालको कंपनी के कर्मचारी राजेश पाठक उर्फ 'लाला' की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
सड़क पर फैली बालू बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना का मुख्य कारण सड़क पर फैली रेत (बालू) बताई जा रही है। बताया गया कि एक रेत से भरे हाइवा वाहन से हाईवे पर बड़ी मात्रा में बालू गिर गई थी। रात में हुई हल्की बारिश के कारण सड़क पर फिसलन और बढ़ गई। इसी दौरान देवसर से बैढ़न की ओर जा रही यात्री बस का पहिया बालू पर चढ़ गया। चालक ने बस पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
पुलिस ने चलाया राहत और बचाव अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही बरगवां थाना प्रभारी निरीक्षक समीर वारसी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सटीक कारणों की पुष्टि के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
यह भी पढ़े: एक साल तक नहीं बना स्कूल, ग्रामीणों ने चंदा और श्रमदान से खुद शुरू किया निर्माण