कोरबा-बिलासपुर मार्ग पर पाली के पास बुधवार को एक त

कोरबा-बिलासपुर मार्ग पर ट्रक से टकराई बस, 15 यात्री गंभीर रूप से घायल

Bus-Truck Collision Injures Several Passengers

कोरबा (छत्तीसगढ़)। कोरबा-बिलासपुर मार्ग पर पाली के पास बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक और शिव ट्रेवल्स की बस के बीच इतनी जबरदस्त भिड़ंत हुई कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस चालक केबिन के अंदर ही बुरी तरह फंस गया।

केबिन में फंसे ड्राइवर को सुरक्षित निकाला गया बाहर

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ​हादसे की सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस तत्काल दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। स्थानीय नागरिकों और पुलिस की संयुक्त टीम ने भारी मशक्कत के बाद बस के केबिन में फंसे ड्राइवर को सुरक्षित (सकुशल) बाहर निकाला। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से ड्राइवर की जान बच सकी।

40-50 यात्री थे सवार, सामने बैठे लोगों को आई ज्यादा चोटें

जानकारी के अनुसार, शिव ट्रेवल्स की यह बस कोरबा से बिलासपुर की ओर जा रही थी। हादसे के वक्त बस में लगभग 40 से 50 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के सामने वाले हिस्से में बैठे लगभग 15 यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि आधा दर्जन से अधिक अन्य यात्री भी इस हादसे में घायल हुए हैं।

108 एम्बुलेंस से अस्पताल रवाना, उपचार जारी

घटना के तुरंत बाद पुलिस और प्रशासन की सहायता से सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पाली पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ द्वारा सभी घायलों का त्वरित उपचार किया जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जाँच शुरू कर दी है और मार्ग पर यातायात को सुचारू कराया गया है।

यह भी पढ़ें: लेदुकी मठहवा के जंगल में मिला अज्ञात महिला का शव, जांच में जुटी पुलिस