औरंगाबाद के महराजगंज रोड पर बाइक सवार दो बदमाशों न

औरंगाबाद में व्यवसायी से 25 लाख के सोने के जेवरात की ठगी, चोरी का डर दिखाकर बदमाश फरार

Businessman Duped of Gold Jewellery Worth ₹25 Lakh

औरंगाबाद (बिहार)। शहर के महराजगंज रोड पर सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए शातिर बदमाशों ने एक व्यवसायी को अपनी बातों के जाल में फंसाया और 25 लाख रुपये के सोने के जेवरात ठगकर रफूचक्कर हो गए। बदमाशों ने ‘चोरी का डर’ दिखाकर पीड़ित व्यवसायी रघुनंदन साव को अपना शिकार बना लिया। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल नगर थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए अपराधियों की तलाश में खाक छान रही है। 

बाइक सवार बदमाशों ने 110 ग्राम की चेन और पांच अंगूठियां उड़ाईं

पीड़ित महराजगंज निवासी रघुनंदन साव ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें झांसा देकर 110 ग्राम की सोने की चेन और पांच अंगूठियां पार कर दीं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल के आसपास के प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही ठगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

चोरी का डर दिखाकर पैकेट में रखवाए जेवरात

जानकारी के अनुसार, बाइक सवार बदमाशों ने व्यवसायी को चोरी की घटनाओं का डर दिखाकर गहनों को एक पैकेट में रखने की सलाह दी। व्यवसायी उनकी बातों में आ गए और जेवरात पैकेट में रखने लगे। इसी दौरान बदमाश सभी जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, व्यवसायी अपने कुछ आभूषण पहने महराजगंज रोड स्थित मशीनरी पार्ट्स के दुकान में जा रहे थे। घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। 

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

बदमाश किस रास्ते से आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद किस दिशा में भागे, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास के प्रतिष्ठानों और सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों के बारे में अहम सुराग मिल सकते हैं। फिलहाल बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है। 

यह भी पढ़ें:   भारत बायोटेक, गैवी और UNICEF ने मलेरिया वैक्सीन की कीमत 40% घटाई, 10 लाख और बच्चों को मिलेगा लाभ