दिल्ली के निजी स्कूल में एक कैब ड्राइवर ने नर्सरी

दिल्ली के निजी स्कूल में नर्सरी क्लास की मासूम के साथ कैब ड्राइवर ने किया दुष्कर्म

कैब ड्राइवर ने नर्सरी क्लास की मासूम के साथ किया दुष्कर्म (File Photo)

नई दिल्ली: दिल्ली के बवाना इलाके में एक निजी स्कूल में तीन साल की नर्सरी क्लास की छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में स्कूल में कार्यरत एक कैब ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर कई बार उसके साथ गलत हरकतें कीं। मामला तब सामने आया जब पीड़िता की मां ने उसके व्यवहार में बदलाव देखकर उससे पूछताछ की। 

चॉकलेट का लालच देकर करता रहा गलत हरकत

बच्ची ने अपनी मां को स्कूल के एक बुरे अंकल के बारे में बताया जो उसे चॉकलेट देता था। हालांकि बच्ची उस व्यक्ति का नाम नहीं बता पाई, इसलिए माता-पिता ने स्कूल प्रशासन को सूचित किया। 24 अगस्त को स्कूल अधिकारियों ने बच्ची को विभिन्न तस्वीरें और सीसीटीवी फुटेज दिखाए, जिसके माध्यम से उसने आरोपी ड्राइवर की पहचान की। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और बाल यौन उत्पीड़न संरक्षण अधिनियम (POCSO) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई।

आठ महीने से स्कूल में काम कर रहा आरोपी

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी को स्कूल परिसर से गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी पिछले आठ महीने से स्कूल में कैब ड्राइवर के रूप में काम कर रहा था। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को स्कूल परिसर में जेब में चॉकलेट लिए घूमते हुए देखा गया है। आरोप है कि जब नाबालिग लड़की वॉशरूम गई तो उसने उसका पीछा किया, उसे चॉकलेट दी और सीढ़ियों के नीचे उसके साथ दुष्कर्म किया।

अन्य बच्चों को चॉकलेट देने के वीडियो आए सामने

इसके अलावा, पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है, जिसमें कथित तौर पर अन्य छोटे बच्चों को चॉकलेट देते हुए उसके कई वीडियो मिले हैं। पुलिस फिलहाल वीडियो में दिख रहे अन्य बच्चों की पहचान करने और उन्हें आवश्यक परामर्श प्रदान करने के लिए काम कर रही है। चल रही जांच के तहत स्कूल के सीसीटीवी फुटेज को भी अपने कब्जे में ले लिया गया है। 

(इनपुट: ANI)

ये भी पढ़ें- द ग्रेट खली का पानीपत में हुआ कार एक्सीडेंट, वीडियो शेयर कर बताया...