रायबरेली: ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र में आंधी-तूफान

ऊंचाहार में अंधेरगर्दी पर भड़के कैबिनेट मंत्री, मध्यांचल MD को लगाई कड़ी फटकार

ऊंचाहार में अंधेरगर्दी पर भड़के कैबिनेट मंत्री, मध्यांचल MD को लगाई कड़ी फटकार

रायबरेली: ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र में आंधी-तूफान के बाद पसरे अंधेरे और कछुआ गति से चल रहे राहत कार्य को लेकर कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। आपदा के एक हफ्ते बाद भी जनता को बूंद-बूंद पानी और रोशनी के लिए तरसता देख मंत्री जी ने सीधे मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की प्रबंध निदेशक (MD) रिया केजरीवाल से वार्ता कर तीखे तेवर दिखाए। उन्होंने साफ लफ्जों में कहा कि 'जनता का सब्र टूट रहा है, युद्धस्तर पर काम शुरू करिए।'

​'हफ्ते भर से क्या सो रहे थे अफसर?'

​कैबिनेट मंत्री ने इस बात पर कड़ी नाराजगी और गहरा असंतोष व्यक्त किया कि दैवीय आपदा को बीते एक पूरा हफ्ता हो चुका है, लेकिन बिजली विभाग के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। क्षतिग्रस्त पोल और टूटे तारों को अब तक ठीक न किए जाने को उन्होंने अधिकारियों की घोर लापरवाही करार दिया।

आगामी 48 घंटे में व्यवस्था बहाल करने का अल्टीमेटम

​विद्युत संकट से जूझ रहे ग्रामीणों को राहत देने के लिए कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को समय सीमा (डेडलाइन) तय कर दी है। उन्होंने निर्देश दिए कि विभागीय स्तर पर  प्रभावित क्षेत्रों में कार्य की गति बढ़ाने के लिए तत्काल नई तकनीकी टीमों का गठन कर उन्हें फील्ड में उतारा जाए। आगामी 48 घंटों के भीतर ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को पूर्ण रूप से बहाल किया जाए। क्षेत्र में अघोषित विद्युत कटौती और अनावश्यक रोस्टिंग पर तुरंत रोक लगाई जाए और उपभोक्ताओं को 24 घंटे बिजली दी जाए।

​काम में ढिलाई मिली तो नपेंगे जिम्मेदार

​कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने चेतावनी देते हुए कहा कि राहत कार्यों की निगरानी उच्च स्तर पर की जा रही है। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही, हीलाहवाली या कार्य में शिथिलता पाई गई तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध तत्काल कड़ी दंडात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता को राहत पहुंचाना सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है और इसमें कोई भी कोताही बर्दाश्त नहीं होगी।

यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/new-rules-for-drivers-implemented-in-aurangabad-auto-colors-now-indicate-route/207297