इटावा के ताखा थाना क्षेत्र में केबिल डालने के विवा

केबिल डालने के विवाद में 55 वर्षीय चरण सिंह की गोली मारकर हत्या, पांच पर FIR

Cable Dispute Leads to Murder of 55-Year-Old Man in Etawah

इटावा (उत्तर प्रदेश)। जिला के ताखा थाना क्षेत्र के नगला जलाल गांव में केबिल डालने को लेकर हुए विवाद में 55 वर्षीय चरण सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। नामजद आरोपियों में दो सगे भाई भी शामिल बताए गए हैं। वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

गोली लगने से गंभीर रूप से घायल

मृतक के बेटे टिंकू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 30 अगस्त की शाम वह अपने पिता चरण सिंह के साथ घर के दरवाजे पर बैठे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के राहुल, राजा और सोमेश तमंचे लेकर वहां पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से चरण सिंह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

जांच के बाद उन्हें किया मृत घोषित 

परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरसई नावर लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें पीजीआई सैफई रेफर कर दिया। परिजन घायल चरण सिंह को लेकर सैफई पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मामले की जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक के बेटे की तहरीर के आधार पर पुलिस ने राहुल, राजा, सोमेश, अंकित और असित यादव (निवासी फ्रेंड्स कॉलोनी, इटावा) के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी है और घटना के पीछे के विवाद तथा फायरिंग की परिस्थितियों की जांच कर रही है। 

यह भी पढ़ें:   मथुरा में हत्या के प्रयास के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, एक बाल अपचारी हिरासत में