पराली जलाने की घटनाओं में बढ़ोतरी पर CAQM सख्त, गुरदासपुर-कपूरथला के DC और SSP को कारण बताओ नोटिस
नई दिल्ली: धान के अवशेष जलाने की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने गुरदासपुर और कपूरथला के उपायुक्त (डीसी) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को औपचारिक रूप से कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण और अधिक खराब हो गया है। मंगलवार को दिल्ली का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 451 पर पहुंच गया।
कपूरथला में पिछले साल से बढ़ीं पराली जलाने की घटनाएं
आधिकारिक आदेश के अनुसार, 15 सितंबर से 2 नवंबर 2026 की अवधि के दौरान कपूरथला में आग लगने की 99 घटनाएं दर्ज की गईं, जबकि 2025 में इसी अवधि में आग लगने की 96 घटनाएं दर्ज की गई थीं। यह बढ़ती प्रवृत्ति को दर्शाता है। आदेश में कहा गया है कि पंजाब सरकार द्वारा 2 नवंबर 2026 को प्रस्तुत की गई कार्रवाई रिपोर्ट से यह भी सामने आया है कि कपूरथला में आग लगने की घटनाएं लगातार होने के बावजूद आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन या उल्लंघन के लिए सीएक्यूएम अधिनियम, 2021 की धारा 14 के तहत संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कथित तौर पर कोई कार्रवाई शुरू नहीं की गई है। यह भी बताया गया है कि पराली सुरक्षा बल द्वारा आग लगने की किसी भी घटना का पता नहीं लगाया गया या उसकी सूचना नहीं दी गई, जिससे मैदानी स्तर पर निगरानी और मॉनिटरिंग तंत्र की प्रभावशीलता पर चिंताएं बढ़ती हैं।
6 नवंबर तक देना होगा जवाब
आदेश में आगे कहा गया है कि उपर्युक्त तथ्यों को देखते हुए आयोग ने अधिकारियों से स्पष्ट करने को कहा है कि आयोग द्वारा जारी आदेशों या निर्देशों के गैर-अनुपालन या उल्लंघन के लिए अधिनियम की धारा 14 के तहत निर्धारित कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए। सीएक्यूएम ने अधिकारियों को फसल अवशेष जलाने की घटनाओं में हुई इस वृद्धि पर स्पष्टीकरण देने के लिए 6 नवंबर तक का समय दिया है।
सीएक्यूएम की टीम ने पंजाब में लिया जमीनी हालात का जायजा
इससे पहले, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और आसपास के क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के अध्यक्ष के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय टीम ने पंजाब में थर्मल पावर और सीबीजी प्लांट, कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), खेतों और होशियारपुर तथा अमृतसर में एक बायोमास प्लांट का दौरा किया था। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के अनुसार, टीम ने धान की कटाई के मौजूदा सीजन के दौरान धान के पुआल के प्रभावी प्रबंधन और पराली जलाने की घटनाओं की रोकथाम के लिए जमीन पर लागू किए जा रहे विभिन्न इन-सिटू और एक्स-सिटू उपायों की तैयारियों की समीक्षा की और उनका जायजा लिया।
ANI
ये भी पढ़ें: ISSF विश्व चैंपियनशिप में भारत ने जीते 3 पदक, लेकिन 10 मीटर एयर राइफल में ओलंपिक कोटा से चूका