नरसिंहपुर में चलती कार में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
नरसिंहपुर: मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर में स्टेशनगंज थाना अंतर्गत केंद्रीय जेल के पीछे अंडरपास के पास रविवार सुबह एक चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी कार जलकर राख हो गई। गनीमत यह रही कि समय रहते चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए कार को सड़क किनारे रोककर अपनी जान बचा ली।
अंडरपास पार करते ही बोनट से निकला धुआं
जानकारी अनुसार प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बताया गया है कि विपतपुरा निवासी डॉक्टर फरीद खान किसी आवश्यक कार्य से अपनी इंडिगो कार से शहर की ओर आ रहे थे। जैसे ही उन्होंने अंडरपास क्रॉस किया, कार के बोनट से अचानक धुआं निकलने लगा। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए डॉक्टर फरीद ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया और सुरक्षित बाहर निकल आए।
आंखों के सामने जलती रही गाड़ी
बाहर निकलते ही कार में आग की लपटें तेजी से भभक उठीं और कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी आग के गोले में तब्दील हो गई। चालक अपनी आंखों के सामने अपनी कार को जलता हुआ देखता रहा, जिससे मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
पुलिस और दमकल ने पाया काबू
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही स्टेशनगंज थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया, तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: इटावा के जसवंतनगर हाईवे पर चार वाहनों की भीषण टक्कर, तीन लोग गंभीर रूप से घायल