औरंगाबाद के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पश्चिम बंगाल

औरंगाबाद में ओवरटेक के दौरान ट्रक से भिड़ी कार, पांच घायल, तीन की हालत गंभीर

औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद में भीषण सड़क हादसा हो गया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ओरा पुल के पास रात करीब ढाई बजे पश्चिम बंगाल से आ रही एक कार ने ओवरटेक के दौरान ट्रक में टक्कर मार दी, जिससे कार सवार पांच लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां सभी का इलाज किया गया। घायलों में तीन लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। 

मां की तबीयत खराब होने पर दिल्ली से बांकुड़ा गए थे

घायलों की पहचान पश्चिम बंगाल के बांकुड़ गाप्लास्टा निवासी उत्तम जाना, पपई, तापस, दिनेश और पप्पू के रूप में की गई है। सदर अस्पताल में आज सुबह 9 बजे इलाज के दौरान उत्तम जाना ने बताया कि वह दिल्ली में एसी फ्रिज के सेल एंड सर्विस का काम करते हैं। मां की तबीयत खराब होने की जानकारी मिलते ही उन्हें देखने तीन दिन पहले बांकुड़ा आये थे। 

दिल्ली वापस लौटने के दौरान हुआ हादसा

उन्होंने बताया कि रविवार की शाम वे अपने भाई और बहन के बेटे के साथ कार से वापस दिल्ली लौट रहे थे। इसी दौरान सोमवार की अहले सुबह ओवरटेक के दौरान उनकी कार ने ट्रक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया और परिजनों को इसकी सूचना दी गई।