ट्रेलर में घुसी कार, झपकी ने जबलपुर के 5 युवकों की ली जान
MP News : उज्जैन से खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जा रहे जबलपुर के पांच श्रद्धालुओं की शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा कोटा–जयपुर नेशनल हाईवे पर चाकसू क्षेत्र में सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। तेज रफ्तार से चल रही कार आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी।
कार के परखच्चे उड़ गये
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार एक महिला सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
खाटूश्यामजी जा रहे थे
बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु उज्जैन में महाकालेश्वर के दर्शन करने के बाद खाटूश्यामजी (सीकर) के लिए रवाना हुए थे। कार में सवार सभी लोग आपस में परिचित थे और धार्मिक यात्रा पर निकले थे।
हादसे में मृतक
मृतकों में शानु सक्सेना (25), पीयूष राय (26), राहुल रजक (27), अनुराग रजक (27), रेशमा श्रीवास्तव (54) शामिल हैं। परिजनों के अनुसार, मृतक पीयूष के पिता का उसी दिन जन्मदिन था। पीयूष ने अपने पिता को व्हाट्सएप स्टेटस के जरिए जन्मदिन की शुभकामनाएं दी थीं। परिवार के लोगों ने बताया कि राहुल और अनुराग ने भी यात्रा के दौरान सेल्फी साझा की थी, जो अब उनकी आखिरी तस्वीर बन गई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि ड्राइवर को संभवतः झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/india-approves-first-underwater-road-rail-tunnel-in-assam/143720