रात 2 बजे अचानक बजने लगा कार का हॉर्न, देखते ही देखते पूरी गाड़ी जलकर खाक
मरवाही (छत्तीसगढ़): मरवाही थाना क्षेत्र के लोहारी में देर रात एक रहस्यमयी घटना में घर के बरामदे में खड़ी कार में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। जानकारी के अनुसार, लोहारी निवासी अश्विनी चतुर्वेदी की कार घर के बरामदे में खड़ी थी।
आधी रात को अचानक बजने लगा कार का हॉर्न
रात करीब 2 बजे अचानक कार का हॉर्न बजने लगा। हॉर्न की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य जागे तो देखा कि कार में आग लगी हुई है और वाहन धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था। घटना देखकर परिवार में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बोरवेल के पानी और पाइप की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार बुरी तरह जल चुकी थी।
आगजनी की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
पीड़ित अश्विनी चतुर्वेदी ने बताया कि आग लगने के साथ ही कार का हॉर्न बजना और वाहन का आगे बढ़ना बेहद हैरान करने वाला है। वहीं उन्होंने अज्ञात व्यक्ति द्वारा आगजनी किए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।