वाराणसी में पुलिस-मुठभेड़: गोतस्कर के पैर में लगी गोली, कंटेनर से 30 गोवंश बरामद
वाराणसी (उत्तर प्रदेश)। रामनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और एक कथित गोतस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। पुलिस ने कंटेनर से करीब 30 गोवंशीय पशु बरामद किए हैं।
वाहन चेकिंग के दौरान ट्रेलर लेकर भागा चालक
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को रामनगर थाना के भीटी चौकी क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान प्रयागराज की ओर से आ रहे एक ट्रेलर को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक वाहन लेकर भागने लगा। पीछा करने पर टेंगरा मोड़ कट के पास आगे पुलिस की घेराबंदी देख कंटेनर से एक व्यक्ति उतरकर विश्वसुंदरी पुल के नीचे झाड़ियों की ओर भागने लगा।
फायरिंग के जवाब में पुलिस की कार्रवाई
पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने पर आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान मुहम्मद एजाज, पुत्र हाकिम मियां, निवासी ग्राम हरनाही लक्ष्मीनिया, थाना बद्दूराज, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) के रूप में हुई।
इलाज के लिए भेजा गया बीएचयू ट्रॉमा सेंटर
घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। पुलिस ने कंटेनर की तलाशी लेने पर उसमें से लगभग 30 गोवंशीय पशु बरामद किए, जिन्हें सुरक्षित पशु शेल्टर होम भेज दिया गया। ट्रेलर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में गोतस्करी नेटवर्क और फरार ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है। (Published By: Ravi Pandey)
यह भी पढ़ें: बलिया में पुलिस मुठभेड़, गवाह हत्याकांड का वांछित आरोपी गिरफ्तार