चंदौली में पुलिस ने अंतरजनपदीय मवेशी चोर गिरोह का

चंदौली में मवेशी चोर गिरोह का पर्दाफाश, मुठभेड़ में बदमाश घायल समेत 5 गिरफ्तार

Cattle Theft Gang Busted in Chandauli, Five Arrested After Encounter

चंदौली (उत्तर प्रदेश)। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चकिया पुलिस, एसओजी (स्वाट) और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरजनपदीय मवेशी चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना चकिया क्षेत्र में शनिवार तड़के हुई पुलिस मुठभेड़ में एक शातिर बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया, जबकि उसके चार साथियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों ने चकिया, इलिया और शहाबगंज थाना क्षेत्रों में हुई सात मवेशी चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

ग्रामीणों के जागने पर बदमाश मैजिक पिकअप से फरार

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार तड़के करीब चार बजे डायल-112 और कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि थाना चकिया क्षेत्र के ग्राम बमहोरा स्थित भभौरा नाका के पास कुछ बदमाश सड़क किनारे बंधी भैंसों को चोरी करने का प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीणों के जाग जाने और शोर मचाने पर बदमाश नीले रंग की मैजिक पिकअप से मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, बदमाशों मौके पर गिरफ्तार

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष चकिया अर्जुन सिंह, एसओजी प्रभारी रामजनम यादव तथा पुलिस टीम ने लतीफशाह पहाड़ी मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया। वाहन रुकते ही उसमें सवार बदमाश भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चार बदमाशों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

जवाबी फायरिंग में करन सिंह चौहान के दाहिने पैर में लगी गोली 

इसी दौरान करन सिंह चौहान नामक बदमाश पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग करते हुए जंगल की ओर भागने लगा। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने दोबारा फायर कर दिया। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में करन सिंह चौहान के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को पुलिस अभिरक्षा में संयुक्त जिला चिकित्सालय चकिया में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान करन सिंह चौहान, शशि चौहान, प्रताप चौहान, बल्लू चौहान (सभी निवासी पचवनिया, थाना चकिया) तथा अली हुसैन (निवासी डवरीकला, थाना बबुरी), जो मैजिक पिकअप का चालक था, के रूप में हुई है।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने किया खुलासा 

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे एक संगठित गिरोह बनाकर रात के समय ग्रामीण क्षेत्रों से भैंस और पड़िया चोरी करते थे। चोरी किए गए मवेशियों को वाराणसी के कज्जाकपुरा और दुल्हीपुर क्षेत्रों में बेचकर प्राप्त रकम आपस में बांट लेते थे। आरोपियों ने थाना इलिया की तीन, थाना शहाबगंज की दो तथा थाना चकिया की दो मवेशी चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार की है।

आरोपियों के कब्जे से अवैध सामग्री बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, चोरी में प्रयुक्त नीले रंग की मैजिक पिकअप (UP67 AT 7652) तथा ₹2,500 नकद बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त वाहन को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है।

विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज 

पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों ने इसे जनपद में मवेशी चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता बताया है।

यह भी पढ़ें:   डिंडोरी में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, तीन युवकों की मौके पर दर्दनाक मौत