सीतापुर जिले के एक पेट्रोल पंप पर दर्जनभर से अधिक

पेट्रोल पंप पर दबंगई का CCTV वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी

पेट्रोल पंप पर मारपीट करते लोग

सीतापुर (उत्तर प्रदेश): जिले में दबंगई का एक मामला सामने आया है, जिसका CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि महमूदाबाद तहसील के रामपुर मथुरा क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर एक दर्जन से अधिक लोगों ने पहुंचकर कर्मचारियों के साथ मारपीट की। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।

बच्चों के विवाद से शुरू हुई नोकझोंक 

जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत बच्चों के बीच हुई कहासुनी से हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कई लोग पेट्रोल पंप पर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने कर्मचारियों के साथ जमकर मारपीट की और मौके पर हंगामा किया। वायरल वीडियो में भी कई लोग एक साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।

पीड़ितों ने पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही का लगाया आरोप

पीड़ित पक्ष ने घटना की शिकायत रामपुर मथुरा पुलिस से की है। हालांकि, उन्होंने स्थानीय पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पीड़ितों का कहना है कि शिकायत के बावजूद तत्काल प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

वहीं, वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।