चंदौली में सैयदराजा पुलिस और स्वाट टीम ने गोवध निव

चंदौली में 25 हजार का इनामी गोवंश तस्करी आरोपी गिरफ्तार, बगीचे से पकड़ा गया

Chandauli: ₹25,000 Bounty Accused in Cow Smuggling Case Arrested

चंदौली (उत्तर प्रदेश)। सैयदराजा थाना पुलिस और स्वाट टीम ने गोवध निवारण अधिनियम के मुकदमे में लंबे समय से वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त विकास यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को 29 अगस्त 2026 को उसके घर के पीछे स्थित बगीचे से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

चेकिंग के दौरान लावारिस मिली थी बिना नंबर की पिकअप

पुलिस के अनुसार, 25 मार्च 2026 को सैयदराजा थाना क्षेत्र के जेठमलपुर तिराहा स्थित एनएच-2 की उत्तरी लेन पर पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चंदौली की ओर से आ रही बिना नंबर प्लेट की एक सफेद पिकअप को देखकर चालक वाहन को चेकिंग स्थल से कुछ दूरी पहले छोड़कर फरार हो गया था। तलाशी के दौरान पिकअप में प्लास्टिक के कैरेट के नीचे छह गोवंश अत्यंत क्रूरता से रस्सियों में बंधे मिले थे।

जांच में सामने आया विकास यादव का नाम

इस मामले में सैयदराजा थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान वाहन चालक के रूप में विकास यादव पुत्र पप्पू यादव, निवासी लसार बरौत, थाना हंडिया, प्रयागराज का नाम सामने आया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने वाहन के पंजीकृत स्वामी गंगाधर पाण्डेय के साथ मिलकर गोवंशों की तस्करी करने की बात स्वीकार की है।

गोवंश खरीदकर वाहन से तस्करी करने का आरोप

पुलिस ने बताया कि आरोपी आसपास के क्षेत्रों से गोवंशों को कम कीमत पर खरीदने तथा छुट्टा गोवंशों को एकत्र कर वाहन के जरिए तस्करी करने में शामिल था। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।

सैयदराजा और हंडिया थाने में दर्ज हैं कई मुकदमे

गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, कांस्टेबल बृजेश चौहान, शंकर राम और आशीष कुमार शामिल रहे। वहीं स्वाट टीम का नेतृत्व प्रभारी राम जन्म यादव ने किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ सैयदराजा और हंडिया थाने में गोवध निवारण अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। 

यह भी पढ़ें:    औरंगाबाद में तेज रफ्तार हाईवा ने साइकिल सवार को कुचला, मौके पर मौत