चंदौली में नहर में डूबे युवक का शव बरामद, परिजनों में मचा कोहराम; पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
चंदौली {उत्तर प्रदेश}: अलीनगर थाना क्षेत्र के महेवा गांव में गुरुवार सुबह नहर में डूबे युवक का शव काफी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और मौके पर मौजूद ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नहाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार नई बस्ती निवासी 36 वर्षीय मनोज कुमार गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे महेवा गांव स्थित नहर के किनारे पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वह नहर के किनारे बनी सीढ़ियों पर स्नान कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह नहर में डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए तथा पुलिस को सूचना दी गई।
कई घंटे चला रेस्क्यू अभियान
सूचना पर अलीनगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों तथा बचाव दल की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। कई घंटों तक चले सघन खोज अभियान के बाद काफी मशक्कत के उपरांत नहर में बहता हुआ युवक का शव बरामद किया गया। शव मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने परिजनों को ढांढस बंधाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
थाना प्रभारी अलीनगर गगन राज सिंह ने बताया कि युवक का शव बरामद कर लिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़े: नींद में मौत बनकर आया ट्रक, एक ही परिवार के तीन लोगों की ले ली जान