चंदौली में शव रखकर हाईवे जाम करने पर 23 नामजद समेत 115 अज्ञात पर मुकदमा
चंदौली (उत्तर प्रदेश)। अलीनगर थाना क्षेत्र के सकलडीहा तिराहा के पास शव रखकर हाईवे जाम करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 23 नामजद समेत करीब 110 से 115 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रदर्शनकारियों ने मुगलसराय से चकिया जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग की दोनों लेन को बांस-बल्ली लगाकर बाधित कर दिया था, जिससे एंबुलेंस समेत कई वाहन जाम में फंस गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद काफी देर से हाईवे को खाली कराया जा सका।
हाईवे पर 130 से 140 लोगों की भीड़
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने मुगलसराय से चकिया जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग की दोनों लेनों को बांस-बल्ली लगाकर पूरी तरह बाधित कर दिया था। इससे एंबुलेंस समेत आम लोगों के वाहन जाम में फंस गए थे। पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम करीब छह बजे उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव को सकलडीहा तिराहा पर हाईवे जाम किए जाने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मृतक पुनवासी चौहान, निवासी वार्ड नंबर तीन अलीनगर, के परिजनों सहित करीब 130 से 140 लोग सड़क पर मौजूद थे और नारेबाजी कर रहे थे।
समझाने पर नहीं मानी भीड़
पुलिस ने भीड़ को समझाकर सड़क खाली कराने का प्रयास किया, लेकिन लोग अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते रहे। स्थिति बिगड़ने पर मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई। सूचना के बाद उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर मौके पर पहुंचे और काफी देर तक लोगों को समझाने-बुझाने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग को खाली कराया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
अलीनगर पुलिस ने उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव की तहरीर पर मु0अ0सं0 0618/2026 दर्ज किया है। इसमें धारा 285, 126(2), 189(2) बीएनएस तथा धारा 7 आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम 1932 के तहत कार्रवाई की गई है। मुकदमे में 23 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि करीब 110 से 115 अन्य महिला-पुरुषों को अज्ञात दर्शाया गया है। पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना जारी है। पुलिस ने लोगों से कानून एवं यातायात नियमों का पालन करने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: मुंगेर में अवैध महुआ शराब मामले में पुलिस ने 5 भट्ठियां ध्वस्त, 900 लीटर जावा महुआ नष्ट