चंदौली पुलिस ने ऑपरेशन वज्रपात के तहत सोशल मीडिया

चंदौली में सोशल मीडिया पर गैंगस्टर छवि बनाकर रंगदारी वसूलने वाला आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग से ऐंठे लाखों रुपये

Chandauli Man Arrested for Extorting Lakhs Using Gangster Image Online

चंदौली (उत्तर प्रदेश)। शनिवार को जनपद चंदौली की धानापुर पुलिस ने "ऑपरेशन वज्रपात" के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए सोशल मीडिया पर गैंगस्टर जैसी छवि बनाकर एक नाबालिग को डरा-धमकाकर लाखों रुपये की रंगदारी वसूलने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने इंस्टाग्राम पर "Mr. Rifle Guru-7171" नाम से आईडी बनाकर दहशत फैलाने वाले संदेश पोस्ट किए थे और धमकी देकर नाबालिग से करीब ₹6 लाख नकद तथा ₹27,500 ऑनलाइन वसूल लिए थे।

सोशल मीडिया पर धमकी देकर बनाया भय का माहौल

पुलिस के अनुसार, पीड़ित नाबालिग की मां ने थाना धानापुर में तहरीर देकर बताया कि कस्बा धानापुर निवासी आयुष कुमार पुत्र गोपाल कुमार मौर्या फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से उनके पुत्र को लगातार भयभीत करता था। आरोपी ने अपनी इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर "रंगदारी हमारे खून में है", "प्रशासन हमें क्या करेगा", "जब हम खुद प्रशासन हैं" जैसे आपत्तिजनक संदेश लिख रखे थे, जिससे समाज में भय का माहौल बनाया जा सके।

नाबालिग को धमकाकर 6 लाख नकद और ऑनलाइन रुपये वसूले

तहरीर में आरोप लगाया गया कि आरोपी ने नाबालिग को जान से मारने तथा उसके माता-पिता को जेल भिजवाने की धमकी देकर उससे लगभग ₹6 लाख नकद और विभिन्न तिथियों में ₹27,500 फोनपे के माध्यम से ऑनलाइन वसूले। इस मामले में थाना धानापुर पर मु.अ.सं. 125/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

वाहन खरीदने और शौक पूरे करने के लिए की थी वसूली

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में धानापुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार को आरोपी आयुष कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने चार पहिया वाहन खरीदने और अपने शौक पूरे करने के लिए नाबालिग को धमकाकर रुपये वसूले थे। उसने यह भी बताया कि वसूली गई रकम को उसने अपने निजी शौक और घूमने-फिरने में खर्च कर दिया।

आरोपी को न्यायालय भेजा गया

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय भेज दिया है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्र, उपनिरीक्षक चन्देश्वर सिंह, कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल शमशीद शामिल रहे।

यह भी पढे़ं:   शिवपुरी में रहस्यमय मौत, दो चचेरी बहनों के शव कुएं में मिलने से इलाके में सनसनी