चंदौली में गिट्टी लदे ट्रक ने पिकअप को मारी टक्कर, चालक की मौत
चंदौली (उत्तर प्रदेश)। कंदवा थाना क्षेत्र के समीप सैयदराजा-जमानिया मार्ग पर मंगलवार तड़के गिट्टी लदे ट्रक की जोरदार टक्कर से पिकअप चालक की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगने के बाद पिकअप पानी से भरे गड्ढे में जा गिरी और उसके ऊपर गिट्टी लदा ट्रक भी पलट गया। ट्रक और गिट्टी के मलबे में दबने से पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
28 वर्षीय अजय चौहान की हुई हादसे में मौत
मृतक की पहचान बलुआ थाना क्षेत्र के महगांव गांव निवासी 28 वर्षीय अजय चौहान के रूप में हुई। बताया गया कि अजय चौहान पिकअप वाहन के स्वामी होने के साथ खुद ही चालक भी थे और सब्जियों की ढुलाई का काम करते थे।
तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को मारी जोरदार टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार तड़के अजय चौहान पिकअप लेकर सैयदराजा-जमानिया मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे गिट्टी लदे ट्रक ने पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पिकअप सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरी। इसी दौरान अनियंत्रित ट्रक भी पिकअप के ऊपर पलट गया। हादसे में पिकअप चालक ट्रक और गिट्टी के मलबे के नीचे दब गए।
क्रेन की मदद से मलबे से निकाला गया चालक का शव
हादसे की सूचना मिलते ही कंदवा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से कई घंटे की मशक्कत के बाद ट्रक को हटवाया और मलबे में दबे अजय को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें बरहनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
अजय की मौत से परिवार में मचा कोहराम
अजय चौहान शादीशुदा थे और उनके दो बच्चे हैं। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल HC ने पूरे राज्य में ओलावृष्टि रोधी बंदूकों के इस्तेमाल पर लगाई एक साल की रोक, सरकार को दिए सख्त निर्देश