चंदौली में राजघाट पुल पर भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक ही परिवार के चार घायल
चंदौली (उत्तर प्रदेश)। पड़ाव क्षेत्र में मंगलवार की देर रात राजघाट पुल पर तेज रफ्तार कार और टोटो (ई-रिक्शा) के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टोटो में सवार एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही सुजाबाद चौकी प्रभारी प्रशांत पाण्डेय पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाकर तत्परता का परिचय दिया।
शादी समारोह में जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, बहादुरपुर निवासी निर्मला देवी अपने परिवार के साथ पड़ाव से औरंगाबाद एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं। परिवार के सदस्य टोटो में सवार होकर राजघाट पुल से गुजर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने टोटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद टोटो क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं। हादसे में निर्मला देवी, सपना यादव, पारो यादव और करीब दो वर्षीय मासूम चेतन यादव घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों की मदद में जुट गए।
त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की
सूचना मिलते ही सुजाबाद चौकी प्रभारी प्रशांत पाण्डेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकलवाया और बिना समय गंवाए उपचार के लिए संतोष हॉस्पिटल भिजवाया। अस्पताल में घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारू कराई। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी की त्वरित कार्रवाई और मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की। (Published By: Ravi Pandey)
यह भी पढ़ें: ₹25 हजार का इनामी गो-तस्कर पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार