चंदौली में चोरों का दुस्साहस, बीमार किशोर पर हमला कर लाखों के जेवरात और नकदी ले उड़े
चंदौली: बलुआ थाना क्षेत्र के इटवा गांव में बेखौफ चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी के दौरान घर में सो रहे 17 वर्षीय बीमार किशोर पर चोरों ने हमला भी कर दिया। किशोर के मुंह पर स्प्रे छिड़कने के बाद विरोध करने पर उसके सिर और पीठ पर वार किया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
छत के रास्ते घर में घुसे चोर, लाखों के जेवरात किए पार
जानकारी के अनुसार, इटवा गांव निवासी मुन्ना प्रजापति के घर में शुक्रवार की रात चोर छत के रास्ते दाखिल हुए। घर में रखे कीमती आभूषणों और नकदी को खंगालते हुए चोर करीब 2 से 3 लाख रुपये के जेवरात और 12 हजार रुपये नकद समेट ले गए।
बीमार किशोर ने किया विरोध तो सिर और पीठ पर किया वार
इस दौरान घर में 17 वर्षीय बीमार किशोर सो रहा था। आहट होने पर किशोर की नींद खुल गई और उसने चोरों का विरोध करने का प्रयास किया। आरोप है कि चोरों ने उसके मुंह पर स्प्रे छिड़क दिया। इसके बाद भी विरोध करने पर उसके सिर और पीठ पर वार कर दिया।
वारदात के बाद छत के रास्ते फरार हुए चोर
वारदात को अंजाम देने के बाद चोर छत के रास्ते फरार हो गए। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित मुन्ना प्रजापति और राजकुमार प्रजापति ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
लगातार चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश
सूचना मिलते ही बलुआ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: औरंगाबाद में पुलिस का बड़ा एक्शन, 24 घंटे में 38 गिरफ्तार; 808 लीटर शराब जब्त, मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़